182 Views

शाहरुख ने छू लिए आनंद एल राय के पैर

मुम्बई। बॉलिवुड में आमतौर पर किसी से मिलने-मिलाते समय हाथ मिलाकर या गले मिलकर सम्मान देने का कल्चर है, लेकिन जब भी कोई बड़ा सितारा किसी के पैर छू ले तो वह बात सुर्खियों में आ जाती है। ऐसा ही एक नजारा देखने को मिला शाहरुख खान, अनुष्का शर्मा और कटरीना कैफ स्टारर फिल्म ‘जीरो’ के ट्रेलर लॉन्च के दौरान, जब शाहरुख ने निर्देशक आनंद एल राय का सम्मान उनका पैर छू कर किया। वैसे तो शाहरुख खान आनंद से 6 साल बड़े हैं, आनंद जहां 47 साल के हैं, वहीं शाहरुख ने अभी-अभी अपना 53वां जन्मदिन मनाया है, लेकिन जब सम्मान देने का समय आया तो शाहरुख ने बड़े आदर से अपने निर्देशक के पैर छू लिए।
इस मौके पर शाहरुख ने कहा, ‘ढाई साल पहले शुरू हुई हमारी यह जर्नी, इस पूरे समय में कई बार मेरा, कटरीना अनुष्का और पूरी टीम का मनोबल टूटा, लेकिन आनंद और फिल्म के लेखक हिमांशु शर्मा ने कभी हिम्मत नहीं हारी, वह हमेशा हमारा आत्मविश्वास बढ़ाते रहे।’ इसके साथ ही शाहरुख ने आनंद को स्टेज पर आमंत्रित किया और उनके स्टेज पर आते ही उनके पैरों की ओर झुक गए, आनंद शाहरुख को गले लगा लिया। वैसे सम्मान में पैर छूने के मामले में कटरीना कैफ भी पीछे नहीं रही हैं, उन्होंने मनोज बाजपाई के अभिनय से प्रभावित होकर अपनी फिल्म ‘राजनीति’ के प्रमोशनल इवेंट के दौरान स्टेज पर उनके पैर छू लिए थे।
शाहरुख, अनुष्का और कटरीना की ‘जीरो’ 21 दिसंबर को क्रिसमस के मौके पर देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी। इस फिल्म को हिमांशु शर्मा ने लिखा है। फिल्म को संगीत से सजाया है अजय-अतुल की जोड़ी ने। गौरी खान फिल्म की निर्माता हैं। फिल्म में तिग्मांशु धुलिया, बिजेंद्र काला, अभय देओल और जावेद जाफरी की भी छोटी-छोटी, लेकिन अहम भूमिका है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top