मुम्बई। बॉलिवुड स्टार्स दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह 14-15 नवंबर को शादी करने वाले हैं। इटली के लेक कोमो में होने वाली इस शादी को अटेंड करने के लिए गेस्ट्स के आने का सिलसिला शुरू हो चुका है। बताया जा रहा है कि दीपिका और रणवीर अपने गेस्ट्स को पर्सनली रिसीव कर रहे हैं। दीपवीर के इन गेस्ट्स के लिस्ट में कई कलाकार भी मौजूद हैं जो इनके वेडिंग सेरिमनी और संगीत सेरिमनी में परफॉर्म करने वाले हैं। ताजा खबरों की मानें तो दीपवीर की संगीत सेरिमनी में बॉलिवुड सिंगर हर्षदीप कौर भी परफॉर्म करने वाली हैं और इसके लिए वह मिलान पहुंच चुकी हैं। दीपिका और रणवीर की संगीत सेरिमनी कल होनी है और इसी के लिए हर्षदीप वहां पहुंची हैं। हर्षदीप कौर ने कई हिट फिल्म्स में अपनी आवाज का जादू बिखेरा हैं जिसमें ‘ये जवानी है दिवानी’ का गाना ‘कबीरा’ मुख्य है। इस गाने को रणबीर कपीर और दीपिका पादुकोण के ऊपर फिल्माया गया था। हर्षदीप के साथ म्यूजिशियन बॉबी पाठक, संजॉय दास और फिरोज खान भी मिलान पहुंचे हैं। बता दें कि रणवीर और दीपिका अपनी वेडिंग के लिए 2 दिन पहले ही इटली पहुंच चुके हैं। दीपिका और रणवीर करीब 6 साल से एक दूसरे को डेट कर रहे थे और पिछले महीने की 21 तारीख को एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इन दोनों ने अपनी शादी की घोषणा की।



