दुबई ,१० सितंबर। श्रीलंका ने वानिंदू हसरंगा (तीन विकेट) की शानदार गेंदबाजी के बाद पथुम निसंका (५५ नाबाद) के अर्द्धशतक की बदौलत पाकिस्तान को एशिया कप २०२२ के सुपर-४ मैच में पांच विकेट से मात दी।
दसुन शनाका की टीम ने पाकिस्तान को पहले १२१ रन पर ऑलआउट किया, और फिर १२२ रन के लक्ष्य को १७ ओवर में हासिल कर लिया।
हसरंगा ने पाकिस्तानी बल्लेबाजों को अपनी फिरकी में फंसाकर चार ओवर में सिर्फ २१ रन दिये और कप्तान बाबर आजम सहित तीन बल्लेबाजों को आउट किया। इसके बाद पाथुम निसंका ने ४८ गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के की बदौलत नाबाद ५५ रन बनाकर अपनी टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया।
इस मुकाबले की जीत हालांकि श्रीलंका के लिये निरर्थक है क्योंकि दोनों टीमें पहले ही एशिया कप के फाइनल में पहुंच चुकी हैं, जो रविवार को दुबई अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जाएगा।
श्रीलंका ने टॉस जीतकर पाकिस्तान को बल्लेबाजी के लिये बुलाया और शानदार फॉर्म में चल रहे मोहम्मद रिजवान (१४) को जल्दी पवेलियन लौटाया।
तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे फखर जमान ने अपनी संघर्ष से भरी पारी में १८ गेंदों पर १३ रन बनाये और रनगति बढ़ाने के प्रयास में आउट हो गये। बाबर ने पाकिस्तान के लिये सर्वाधिक ३० रन बनाये, हालांकि उन्होंने इसके लिये २९ गेंदें खेलीं।
११वें ओवर में बाबर के आउट होने के बाद पाकिस्तान के विकेटों की झड़ी लग गयी और उसने अगले नौ ओवरों में सात विकेट गंवाये। इस दौरान पाकिस्तान ने सिर्फ ५३ रन जोड़े, जिसमें २६ रन का योगदान मोहम्मद नवाज़ ने दिया।
नवाज़ ने १८ गेंदों पर एक चौके और दो छक्कों की बदौलत २६ रन बनाकर अपनी टीम को १२१ रन के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
हसरंगा के अलावा महीष तीक्षणा ने चार ओवर में २१ रन देकर दो विकेट लिये जबकि धनन्जय डी सिल्वा और चमिका को करुणारत्ने को एक-एक विकेट हासिल हुआ। टी२० अंतरराष्ट्रीय में पदार्पण कर रहे प्रमोद मदुशन ने रिजवान सहित दो बल्लेबाजों को आउट किया, हालांकि वह २.१ ओवर में २१ रन देकर थोड़े महंगे साबित हुए।
पाकिस्तान पूरे २० ओवर भी नहीं खेल सकी और १९.१ ओवर में ही ऑलआउट हो गयी।
पाकिस्तान ने १२२ रन के न्यून लक्ष्य की रक्षा करते हुए दूसरी पारी की शानदार शुरुआत की और पहले दो ओवर में दो विकेट लिये। मोहम्मद हसनैन ने कुशल मेंडिस को, जबकि हारिस रऊफ ने दनुष्का गुनतिलक को शून्य रन पर पवेलियन लौटाया।
धनन्जय डी सिल्वा (०९) का विकेट गिरने के बाद क्रीज़ पर आये भानुका राजपक्षे ने १९ गेंदों पर दो छक्कों की बदौलत २४ रन बनाकर सलामी बल्लेबाज पथुम निसंका के साथ ५१ रन की साझेदारी की और मैच को श्रीलंका की झोली में डाल दिया।
इसके अलावा कप्तान दसुन शनाका ने १६ गेंदों में एक चौके और दो छक्कों की मदद से २१ रन की बनाये। हसरंगा ने तीन गेंदों पर १० रन बनाये और चौका लगाकर अपनी टीम को जीत दिलायी।
पाकिस्तान और श्रीलंका दुबई अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में होने वाले फाइनल के लिये रविवार को एक बार फिर आमने-सामने होंगी।



