167 Views

बांग्लादेश चारों खाने चित, टीम इंडिया ने जीता तीसरा वनडे

चटगांव ,११ दिसंबर। इंडिया टीम ने तीसरे वनडे में बांग्लादेश को २२७ रन से हरा दिया। इसके साथ ही भारतीय टीम क्लीन स्वीप होने से बच गई। यह वनडे क्रिकेट में रन के लिहाज से भारत की बांग्लादेश के ऊपर अब तक की सबसे बड़ी जीत है। पिछला रिकॉर्ड २०० रन का था। भारत ने २००३ में ढाका में बांग्लादेश को इस अंतर से हराया था।
चटगांव में बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला किया। भारत ने ईशान किशन (२१०) की डबल सेंचुरी और विराट कोहली (११३) के ४४वें वनडे शतक की मदद से ५० ओवर में ८ विकेट पर ४०९ रन बनाए। ईशान ने वनडे क्रिकेट में सबसे तेज डबल सेंचुरी बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने १२६ गेंद पर ही दोहरा शतक जमा दिया था। जवाब में बांग्लादेश की टीम ३४ ओवर में १८२ रन के स्कोर पर सिमट गई। शाकिब अल हसन ने सबसे ज्यादा ४३ रन बनाए। भारत के लिए शार्दूल ठाकुर ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। यानी बांग्लादेश ईशान किशन जितने रन भी नहीं बना पाया।
ईशान के अलावा पूर्व कप्तान विराट कोहली ने वनडे करियर का ४४वां वनडे शतक जमाया है। कोहली ने १२१४ दिनों के बाद इस फॉर्मेंट में शतक जमाया है। उन्होंने अपना आखिरी शतक १४ अगस्त, २०१९ को पोर्ट ऑफ स्पेन में वेस्टइंडीज के खिलाफ जमाया था। उसके बाद से वे २५ पारियों तक शतक नहीं जमा सके थे।
ईशान और विराट की पारियों के दम पर भारत ने वनडे छठी बार ४००+ स्कोर बनाया है। भारत के अन्य बल्लेबाजों में वाशिंगटन सुंदर ने ३७ और अक्षर पटेल ने २० रन की पारी खेली। शिखर धवन और श्रेयस अय्यर ३-३ रन बनाकर आउट हुए। इस मैच में कप्तानी कर रहे केएल राहुल ८ रन ही बना सके।
किशन-कोहली के बीच २९० की पार्टनरशिप
१५ रन पर शिखर धवन के आउट होने के बाद ईशान किशन और विराट कोहली ने पारी संभाली। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए २९० रन की साझेदारी हुई।
ये थे जो आज मैच में खेले खिलाड़ी
भारत : केएल राहुल (कप्तान), ईशान किशन, शिखर धवन, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, शार्दूल ठाकुर, मोहम्मद सिराज और उमरान मलिक।
बांग्लादेश : लिटन दास (कप्तान), अनामुल हक, शाकिब अल हसन, मुशफिकुर रहीम, यासिर अली, महमूदुल्लाह, आफिफ हुसैन, मेहदी हसन मिराज, तस्कीन अहमद, मुस्ताफिजुर रहमान और इबादत हुसैन।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top