पर्थ,३० अक्टूबर। पहले दो मैचों में हार कर आलोचना झेल रही पाकिस्तान ने टी२० वर्ल्ड कप में आखिरकार अपनी पहली जीत हासिल कर ली है। उसने नीदरलैंड्स को पर्थ में ६ विकेट से हराया।
नीदरलैंड्स की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए २० ओवर में नौ विकेट पर मात्र ९१ रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की टीम ने १३.५ ओवर में चार विकेट पर ९४ रन बनाकर मैच को अपने नाम कर लिया।
पाकिस्तान की ओर से मोहम्मद रिजवान ने सबसे ज्यादा ४९ रन बनाए। उन्होंने ३९ गेंद की पारी में पांच चौके लगाए। फखर जमान ने १६ गेंद पर २० रन बनाए। शान मसूद ने १६ गेंद पर १२ रन बनाए। इफ्तिखार अहमद पांच गेंद पर छह रन और शादाब खान दो गेंद पर चार बनाकर नाबाद रहे।
पाकिस्तानी कप्तान बाबर आजम का बल्ला इस मैच में नहीं चला। वह पांच गेंद पर चार रन बनाकर रनआउट हो गए। नीदरलैंड के लिए ब्रैंडन ग्लोवर ने दो और वान मीकेरेन ने एक विकेट लिए। पाकिस्तान की ऑस्ट्रेलिया में टी२० प्रारूप में यह पहली जीत है।



