ढाका ,२२ दिसंबर। बंगलादेश के कोच ऐलन डॉनल्ड ने विराट कोहली की तुलना सचिन तेंदुलकर से करते हुए कहा कि कोहली के खिलाफ सटीक गेंदबाजी करना उनकी पहली प्राथमिकता है।
डॉनल्ड ने दूसरे टेस्ट से पहले यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा, वे (केएल राहुल और कोहली) बहुमूल्य विकेट हैं। यह वैसा है जैसे (सचिन) तेंदुलकर क्रीज पर आते हैं। आप जानते हैं कि उनके खिलाफ सही गेंदबाजी करना सबसे पहली प्राथमिकता है। जब कोहली रंग में हों और आप उनके खिलाफ मौका गंवा दें तो आपको भुगतना पड़ता है। ऐसे खिलाड़ी आपको बार बार मौके नहीं देते।
डॉनल्ड ने कहा, मेरे अनुसार हमने कोहली और राहुल के खिलाफ काफी अच्छी गेंदबाजी की। यह लारा के खिलाफ गेंदबाजी करने जैसा है। मैदान पर सहसा ही पारा बढ़ जाता है। मैं जानता हूं कि विराट इस सीरीज को एक शतक के साथ खत्म करना चाहते हैं लेकिन मुझे लगता है कि हमने उनके खिलाफ अच्छी गेंदबाजी की है और उम्मीद है कि हम इसे जारी रख सकेंगे।



