148 Views

टाटा मोटर्स ने गुजरात सरकार से किया करार,फोर्ड इंडिया की साणंद इकाई का करेगी अधिग्रहण

नयी दिल्ली, ३० मई। आज टाटा मोटर्स ने एक बयान जारी कर कहा कि उसकी अनुषंगी कंपनी टाटा पैसेंजर इलेक्ट्रिक मोबिलिटी लिमिटेड ने फोर्ड इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की साणंद वाहन विनिर्माण इकाई के अधिग्रहण हेतु गुजरात सरकार के साथ करार किया है।

टाटा मोटर्स ने जानकारी देते हुए बताया कि टीपीईएमएल और एफआईपीएल ने गुजरात सरकार के साथ आज एफआईपीएल की साणंद वाहन विनिर्माण इकाई के संभावित अधिग्रहण से संबंधित एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। इसमें इकाई की भूमि, इमारतों, वाहन विनिर्माण इकाई, मशीनरी और उपकरणों का अधिग्रहण शामिल है।

इसके साथ ही इसमें एफआईपीएल साणंद वाहन विनिर्माण परिचालनों के सभी पात्र कर्मचारियों का स्थानांतरण भी शामिल है हालांकि यह करार और संबंधित मंजूरियों पर निर्भर करेगा।

टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हिकल्स लिमिटेड और टीपीईएमएल के प्रबंध निदेशक शैलेश चंद्रा ने कहा, ‘‘एक दशक से भी अधिक समय से टाटा मोटर्स की गुजरात में मजबूत उपस्थिति है, साणंद में उसकी अपनी विनिर्माण इकाई है। इस समझौते से और रोजगार तथा कारोबारी अवसरों का सृजन होगा जो राज्य के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगा।’’

कंपनी ने कहा कि इस समझौते के पश्चात अब टीपीईएमएल और एफआईपीएल के बीच अगले कुछ हफ्तों में निश्चित लेनदेन समझौते होंगे।

इस समझौते पर बोलते हुए गुजरात के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि यह समझौता सभी हितधारकों के लिए लाभदायक है। इससे अंतरराष्ट्रीय निवेशकों का भरोसा जमेगा और देश में शीर्ष निवेश स्थल के रूप में गुजरात की स्थिति और मज़बूत होगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top