दुबई,०९ नवंबर। भारत के धाकड़ बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव के इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मैच से पहले आईसीसी की तरफ से बड़ा ईनाम मिला है। टी२० विश्व कप २०२२ में तीन अर्धशतक लगा चुके सूर्या ने टी२० रैंकिंग में अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग अंक हासिल कर लिए हैं। इस मामले में उन्होंने इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज एलेक्स हेल्स के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है।
सूर्यकुमार यादव के अब ८६९ रेटिंग अंक हो गए है, जो उनके करियर की अब तक के सर्वश्रेष्ठ हैं। वहीं एलेक्स हेल्स की बेस्ट रेटिंग ८६६ की थी। हालांकि ऑल टाईम हाई रैंकिंग का विश्व रिकॉर्ड अभी भी इंग्लैंड के डेविड मलान (९१५ अंक) के पास है। लेकिन आने वाले समय में सूर्या जल्दी ही मलान को पीछे छोड़ सकते हैं।
हाल के समय में सूर्यकुमार यादव ने कमाल की बल्लेबाजी की है. यही कारण है कि वो इस समय दुनिया के नंबर वन टी-२० बल्लेबाज बन गए हैं। टी-२० विश्व कप में भी सूर्या ने अपनी बल्लेबाजी से धमाल मचा रखा है। अपनी खास बल्लेबाजी के दम पर सूर्या ने विश्व क्रिकेट के दिग्गजों को भी चौंका कर रख दिया है। पूरा क्रिकेट जगत इस समय सूर्यकुमार यादव की बल्लेबाजी देखकर हैरान है।
वहीं, बॉलिंग रैंकिंग में श्रीलंका के वानिंदु हसरंगा दुनिया के नंबर वन टी-२० गेंदबाज बन गए हैं। इसके बाद नंबर २ पर राशिद खान हैं। इसके अलावा नंबर ३ पर जोस हेजलवुड को जगह मिली है। साउथ अफ्रीका के तबरेज शम्सी नंबर ४ तो वहीं, एडम जैम्पा नंबर ५ पर मौजूद हैं।



