इस्लामाबाद, २० दिसंबर। तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के आखिरी मुकाबले में पाकिस्तान की टीम को इंग्लैंड के खिलाफ ८ विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इस मुकाबले की हार के साथ पाकिस्तान का अपने ही घर में ३-० से क्लीन स्वीप हो गया है। इस सीरीज के एक भी मुकाबले को पाकिस्तान की टीम जीत नहीं पाई। तीसरा टेस्ट चौथे दिन के पहले सेशन में ही खत्म हो गया। आपको बता दें कि पाकिस्तान की टीम पहले ही वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की रेस से बाहर हो चुकी है।
पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही तीन मैच की टेस्ट सीरीज का आखिरी मुकाबला कराची में खेला गया। इस टेस्ट के चौथे दिन इंग्लैंड की टीम ने ८ विकेट से जीत दर्ज की। पाकिस्तान के १६७ रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम ने दो विकेट खोकर आसानी से टारगेट हासिल कर लिया। उनकी तरफ से ओपनर बेन डकेट (८२) और बेन स्टोक्स (३५) नाबाद लौटे। इससे पहले पाकिस्तान की पूरी टीम बाबर आजम और सऊद शकील की अर्धशतकीय पारियों के बावजूद २१६ रन पर सिमट गई थी। प्लेयर ऑफ द मैच हैरी ब्रूक रहे जिन्होंने पहली पारी में १११ रन बनाए थे। वहीं प्लेयर ऑफ द सीरीज भी उन्हें ही चुना गया।
इस सीरीज के दूसरे टेस्ट में पाकिस्तान को एक कांटे के मुकाबले के बाद इंग्लैंड से २६ रनों से हार का सामना करना पड़ा था। इस मैच की पहली पारी में इंग्लैंड ने २८१ रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की टीम मात्र २०२ रन पर आउट हो गई। इसके बाद अपनी दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने आई इंग्लैंड की टीम सिर्फ २७५ रन पर आउट हो गई। पाकिस्तान को मैच जीतने के लिए ३५५ रन का टारगेट मिला। लेकिन पाकिस्तान के बल्लेबाज एक बार फिर से फेल रहे और उनकी टीम ३२८ रन पर ऑलआउट हो गई।
इस सीरीज के पहले टेस्ट में खूब सारे रन बने। पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने ६५७ रन बोर्ड पर लगा दिए थे। जवाब में पाकिस्तान की टीम ने भी ५७९ रन बनाए। एक अच्छी बढ़त के बाद इंग्लैंड ने अपनी दूसरी पारी ७ विकेट खोकर २६४ रन पर घोषित कर दी। पाकिस्तान को जीत के लिए ३४३ रन का टारगेट मिला। लेकिन पाकिस्तानी टीम सिर्फ २६८ रन पर ऑलआउट हो गई और वो ये मुकाबला ७४ रन से हार गए।



