230 Views

भारत का विदेशी मुद्रा भंडार १.२ अरब डॉलर बढ़कर ५८५.९ अरब डॉलर पर पहुंचा

मुंबई ,२४ अक्टूबर। एसडीआर में बढ़ोतरी होने से १३ अक्टूबर को समाप्त सप्ताह में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार पिछले लगातार पांच सप्ताह की गिरावट से उबरकर १.२ अरब डॉलर बढ़कर ५८५.९ अरब डॉलर पर पहुंच गया। वहीं इसके पिछले सप्ताह यह २.२ अरब डॉलर घटकर ५८४.७ अरब डॉलर रहा था। भारतीय रिजर्व बैंक की ओर से जारी साप्ताहिक आंकड़े के अनुसार, १३ अक्टूबर को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार के सबसे बड़े घटक विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति १७.८ करोड़ डॉलर की गिरावट लेकर ५१९.४ अरब डॉलर रह गयी।
वहीं, इस अवधि में स्वर्ण भंडार १.३ अरब डॉलर की बढ़ोतरी के साथ ४३.६ अरब डॉलर पर पहुंच गया। आलोच्य सप्ताह विशेष आहरण अधिकार में ७.२ करोड़ डॉलर का इजाफा हुआ और यह बढ़कर १७.९ अरब डॉलर हो गया। वहीं, इस अवधि में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के पास आरक्षित निधि ८० लाख डॉलर की गिरावट के साथ ४.९ अरब डॉलर रह गई।

Scroll to Top