142 Views

तीसरे और निर्णायक मुकाबले में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को ७८ रनों से हराया, सीरीज़ पर किया २-१ से कब्जा

दक्षिण अफ्रीका,२२ दिसंबर। गुरुवार को खेले गए तीन मैचों की सीरीज के अंतिम और निर्णायक एकदिवसीय मुकाबले में केएल राहुल की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने मेजबान दक्षिण अफ्रीका को ७८ रन से हरा दिया। इसके साथ ही भारत ने ५ साल बाद दक्षिण अफ्रीका में द्विपक्षीय सीरीज पर २-१ से कब्जा कर लिया।
मैच में दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडेन मार्करम ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। भारत ने ५० ओवर में आठ विकेट पर २९६ रन बनाए। जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम ४५.५ ओवर में २१८ रन पर सिमट गई।
पहले बल्लेबाजी करते हुए संजू सैमसन के शानदार शतक तथा तिलक वर्मा और रिंकू सिंह की दमदार बैटिंग के दम पर टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका को २९७ रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य दिया।
साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारत ने दो विकेट जल्दी खो दिए थे। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने वाले रजत पाटीदार २२ रन बनाकर आउट हुए। वहीं, साई सुदर्शन भी बड़ी पारी नहीं खेल सके। वह मात्र १० रन बनाकर हेंड्रिक्स के शिकार बने। कप्तान केएल राहुल ने २१ रन का योगदान दिया। तीन विकेट जल्द गिरने के बाद संजू सैमसन ने तिलक वर्मा के साथ शतकीय साझेदारी की।
संजू सैमसन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पहला शतक जड़ा। सैमसन वे ११४ गेंद पर १०८ रन की पारी खेली। अंत में रिंकू सिंह ने २७ गेंद पर ३८ रन की पारी खेली। भारत ने निर्धारित ओवर में ८ विकेट पर २९६ रन बनाए। बी हेंड्रिक्स को तीन विकेट मिले।
लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने तेज शुरुआत की। पहले विकेट के लिए ५९ रन की साझेदारी हुई। लेकिन उसके बाद नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे और दक्षिण अफ्रीका टीम अपने कोटे के पूरे ओवर भी नहीं खेल सकी।
दक्षिण अफ्रीका की ओर से टोनी डी जोर्जी ने एक छोर पर संभलकर खेलते हुए ८१ रन की पारी खेली। ऐडन मार्करम ने ३६ रन का योगदान दिया। हेनरिक क्लासेन ने २१ रन बनाए।
भारत की तरफ से सभी पांचों गेंदबाजों को विकेट मिले। अर्शदीप सिंह ने सर्वाधिक चार विकेट चटकाए।
इस जीत के साथ ही भारत ने सीरीज पर २-१ से कब्जा कर लिया। दक्षिण अफ्रीका में भारत की यह मात्र दूसरी सीरीज जीत है। अब तक खेली गई ९ सीरीज में दक्षिण अफ्रीका ने ७ सीरीज में जीत हासिल की है। इससे पहले कोहली की कप्तानी में साल २०१८ में भारत ने वनडे सीरीज जीती थी।
वनडे सीरीज में भारत की तरफ से अर्शदीप सिंह ने कुल १० विकेट झटके। उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज से नवाजा गया।

Scroll to Top