176 Views
BBC apologizes for offensive sound during coverage of football match

फुटबॉल मैच के कवरेज के दौरान आपत्तिजनक आवाज के लिए बीबीसी ने खेद जताया

लंदन,१८ जनवरी। ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन (बीबीसी) ने एफए कप मैच के सीधे प्रसारण के दौरान आपत्तिजनक आवाजें जारी होने को लेकर खेद जताया है । ऐसा लगता है कि यह आवाजें संभवत: किसी व्यक्ति द्बारा स्टूडियो में छिपाकर रखे मोबाइल फोन से आईं थीं।
इस व्यवधान के कारण मंगलवार को मोलिनक्स स्टेडियम में वॉल्वरहैम्प्टन और लिवरपूल के बीच मैच से पहले इंग्लैंड के पूर्व स्ट्राइकर गैरी लाइनेकर द्बारा पेश किया जा रहा कवरेज बाधित हो गया था। लाइनेकर ने बाद में ट्विटर पर एक मोबाइल फोन की तस्वीर पोस्ट की और कहा कि स्टेडियम के अंदर इसे सेट के पीछे छिपाया गया था। लाइनेकर ने कहा, प्रसारण के दौरान शोर हुआ जो काफी हास्यप्रद था।
हालांकि, बीबीसी’ ने एक बयान जारी कर कहा, हम आज शाम फुटबॉल के सीधे प्रसारण के दौरान इस व्यवधान से किसी भी दर्शक को हुई परेशानी के लिए माफी मांगते हैं। यूट्यूब पर मजाक करने वाले (प्रैंकस्टर) जार्वो नामक एक व्यक्ति ने ट्वीट किया कि इस स्टंट के पीछे उसका हाथ है। उसने एक वीडियो पोस्ट किया जिसमें उसे इस कथित फोन पर कॉल कर इस तरह की आवाज को निकालते देखा जा सकता है।
जार्वो का असली नाम डैनियल जार्विस है। उसे सितंबर २०२१ में इंग्लैंड और भारत के बीच क्रिकेट टेस्ट मैच के दौरान पिच पर दौडऩे और इंग्लैंड के बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो से भिडऩे के बाद अक्टूबर में इंग्लैंड और वेल्स में सभी खेल आयोजनों से दो साल के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया था।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top