मुंबई, १४ जनवरी। भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फरवरी में शुरू होने वाली टेस्ट श्रृंखला के शुरुआती दो मुकाबलों के लिये विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन को टीम में शामिल किया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने यह जानकारी दी।
ईशान को पहली बार टेस्ट स्क्वाड में शामिल किया गया है। सड़क दुर्घटना के बाद अस्पताल में भर्ती ऋषभ पंत की जगह स्क्वाड में आए ईशान इससे पहले १० एकदिवसीय और २४ टी२० अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। ईशान रणजी ट्रॉफी में झारखंड के लिये खेलते हुए ८२ पारियों में २,९८५ रन बना चुके हैं जिसमें छह शतक और १६ अर्द्धशतक शामिल हैं। उन्होंने रणजी ट्रॉफी के हालिया मुकाबले में केरल के खिलाफ १३२ रन की शतकीय पारी खेली थी जिसके बाद उन्हें टेस्ट टीम में शामिल किया गया है।



