145 Views
Malaysia Open: Satwik-Chirag in semifinals, Prannoy out

मलेशिया ओपन : सात्विक-चिराग सेमीफाइनल में, प्रणय बाहर

कुआलालंपुर, १४ जनवरी। सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारतीय पुरुष युगल जोड़ी ने शुक्रवार को मलेशिया ओपन २०२३ के क्वार्टरफाइनल मुकाबले में चीन के लियु यू चेन और ओउ शुआन यी को २-१ से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली।
बुकित जलील एशियाता एरिना में एक घंटे छह मिनट चले मुकाबले में सात्विक-चिराग ने अपने चीनी प्रतिद्वंदियों को १७-२१, २२-२०,२१-९ से मात दी।
फ्रेंच ओपन का खिताब जीतने वाली एकमात्र भारतीय पुरुष युगल जोड़ी को पहले गेम में हार का मुंह देखना पड़ा, लेकिन इसके बाद उन्होंने शानदार वापसी करते हुए लगातार दो गेम जीतकर सेमीफाइनल में कदम रखा। सेमीफाइनल में सात्विक-चिराग का सामना चीन के लियांग वीकेंग और वांग चैंग से होगा।
इसी बीच, भारत के शीर्ष शटलर एचएस प्रणय कड़े संघर्ष के बावजूद अपना पुरुष एकल मुकाबला हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गये।
चीन के कोडाई नाराओका ने एक घंटे २४ मिनट चले क्वार्टरफाइनल मुकाबले में प्रणय को २१-१६, १९-२१, २१-१० से हराया। भारतीय शटलर पहला गेम हारने के बाद दूसरे गेम में भी १८-१७ से पिछड़ गये थे, लेकिन उन्होंने संघर्ष करते हुए लगातार तीन अंक बनाते हुए दो गेम पॉइंट हासिल कर लिये। नाराओका ने इसके बाद एक पॉइंट बनाया, लेकिन प्रणय ने २१ पॉइंट स्कोर करके मुकाबले को निर्णायक गेम में पहुंचा दिया।
निर्णायक गेम में हालांकि नाराओका ने दमदार खेल दिखाते हुए २०-९ की बढ़त हासिल कर ली और प्रणय हार का स्वाद चखने से पहले सिर्फ एक ही पॉइंट और स्कोर कर सके। यह नाराओका के खिलाफ तीन मुकाबलों में प्रणय की तीसरी हार है। इसी के साथ सात्विक-चिराग मलेशिया ओपन में भारत के आखिरी प्रतिनिधि बचे हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top