कराची २९ दिसंबर । टाम लैथम (११३) और कप्तान केन विलियम्सन (१०५ नाबाद) की बेहतरीन शतकीय पारियों की मदद से न्यूजीलैंड ने पाकिस्तान की पहली पारी के स्कोर ४३८ रन के जवाब में अपनी पहली पारी में छह विकेट पर ४४० रन बना कर स्थिति मजबूत कर ली थी।
लैथम ने पहले विकेट के लिये डेवान कानवे (९२) के साथ मिल कर १८३ रन का मजबूत प्लेटफार्म तैयार किया जिस पर विलियम्सन ने डेरिल मिचेल (४२),टाम ब्लंडेल (४७) के साथ साझीदारी कर रनों की इमारत खड़ी कर दी। दिन का खेल खत्म होने के समय विलियम्सन का साथ देने ईश सोढी एक रन बना कर क्रीज पर डटे थे। न्यूजीलैंड को दो रन की बढत मिल चुकी है और यदि कल उसके बल्लेबाज लंच तक विकेट पर टिकने में सफल होते हैं तो मेहमान टीम को मिली लीड पाकिस्तान की मुश्किलों में इजाफा कर सकता है।
लैथम ने अपने टेस्ट करियर की १३वीं शतकीय पारी के दौरान १९१ गेंदों का सामना किया और दस चौके लगाये वहीं दूसरे छोर पर कानवे अपने नर्वस ९० का शिकार बने हालांकि उन्होने १४ चौके लगा कर पाकिस्तानी गेंदबाजों की बखिया उधेड़ दी। बाद में क्रीज पर आये विलियम्सन ने २५वां टेस्ट शतक संयम पूर्ण बल्लेबाजी कर पूरा किया। अपने अनुभव का भरपूर फायदा उठाते हुये ३२ साल के विलियम्सन ने सिर्फ ढीली गेंदों पर प्रहार किया जिसके चलते उन्हे शतक पूरा करने में २०० से ज्यादा गेंदे खेलनी पड़ी।
पाकिस्तान के अबरार अहमद तीन विकेट लेकर सबसे सफल गेंदबाज रहे वहीं नौमान अली ने दो और मोहम्मद वसीम ने एक विकेट चटकाया।



