चंडीगढ़,३० मई। प्रसिद्ध पंजाबी गायक और कांग्रेस नेता सिद्धू मूसेवाला की रविवार २९ मई को पंजाब के मानसा के एक गांव में दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। ताबड़तोड़ गोलियां बरसा कर किए गए इस हमले में उनके दो अन्य साथी घायल हो गए। मूसेवाला पर जहां हमलावरों ने अंधाधुंध गोलियां चलाईं, वहां से एएन-९४ राइफल के कई खोखे मिले हैं। रूस में बनी यह असॉल्ट राइफल एके-४७ से भी ज़्यादा घातक है। महज चंद सेकेंड्स में यह राइफल सैकड़ों गोलियां दाग सकती है। सिद्धू मूसेवाला के निधन की ख़बर सुनकर बॉलीवुड तथा म्यूजिक इंडस्ट्री के तमाम सेलिब्रिटीज ने दुख जताया है। वहीं उनके फैंस सोशल मीडिया पर उनके निधन की खबर पाकर सदमे में हैं। पुलिस सूत्रों का कहना है कि कैनेडा से एक गैंगस्टर गोल्डी बरार ने सिद्धू मूसेवाला की हत्या की जिम्मेदारी ली है।
गोल्डी बरार ने फेसबुक पर एक पोस्ट के जरिए लिखा है, “सभी भाईयों को राम राम, सत श्री अकाल, आज जो मूसेवाला की हत्या हुई है, उसकी जिम्मेदारी मैं गोल्डी बरार, सचिन विश्नोई, लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप लेते हैं।” पोस्ट में आगे लिखा है कि इसने हमारे भाई विक्की मिड्डूखेड़ा की हत्या में मदद की थी। उसी का हमने आज बदला ले लिया है।
सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में अब दूसरे पंजाबी सिंगर मनकीरत औलख का नाम भी लिया जा रहा है। एक गैंगस्टर दविंदर बंबीहा और विक्की गौंडर ग्रुप ने सिद्धू मूसा की हत्या में औलख का हाथ होने का शक जताते हुए कहा है कि औलख गैंगस्टर लॉरेंस का करीबी है। पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में आपसी दुश्मनी के चलते यह हत्या कराई गई है। सूत्रों के अनुसार, पुलिस इस मामले में सिंगर मनकीरत औलख से पूछताछ कर सकती है। इस मामले में अभी तक औलख का कोई पक्ष सामने नहीं आया है।
वहीं, मूसेवाला की हत्या के बाद दविंदर बंबीहा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डाली। इसमें कहा कि लॉरेंस और गोल्डी बराड़ ने मूसेवाला को मारकर गलत किया है। इस कत्ल में सिंगर मनकीरत औलख का पूरा हाथ है। वह सारे सिंगर्स से पैसे इकट्ठा करता है। वह उनकी पर्सनल इन्फॉर्मेशन लॉरेंस को देता है। मनकीरत औलख को सिक्योरिटी दी हुई है। बिना बात के मूसेवाला की सिक्योरिटी छीनकर शोर मचा दिया गया। मूसेवाला का किसी गैंगस्टर से कोई कॉन्टैक्ट नहीं था।
विक्की गौंडर ग्रुप ने लिखा कि सिद्धू मूसेवाला का कत्ल रुपयों के लिए हुआ है। इसके पीछे सिंगर मनकीरत औलख है। जितने भी सिंगर हैं, मनकीरत औलख उन सबकी पर्सनल इन्फॉर्मेंशन गैंगस्टर लॉरेंस और गोल्डी बराड़ के साथ शेयर करता था। मनकीरत औलख की सिक्योरिटी क्यों वापस नहीं ली गई?
नई जानकारी में सूत्रों ने बताया है कि दिल्ली पुलिस ने आज गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की क्लास लगाई है। अब तक की जांच में पता चला है कि एक फोन नंबर जेल में ट्रेस हुआ है। कुछ दिन पहले ही शाहरुख नाम का एक अपराधी गिरफ्तार हुआ था। इसी शख्स ने मैसेजिंग ऐप के जरिए गोल्डी बराड़ से संपर्क साधा था। ऐसे में आज दिल्ली पुलिस लॉरेंस बिश्नोई के साथ ही काला जठेड़ी और काला राणा समेत कई गैंगस्टरों से पूछताछ कर रही है। सूत्रों ने बताया है कि दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस में कई गैंगस्टरों और उनके गुर्गों से कड़ी पूछताछ कर राज उगलवाने की कोशिश कर रही है।
शुभदीप सिंह सिद्धू को सिद्धू मूसेवाला के नाम से जाना जाता था। वह उन ४२४ लोगों में शामिल थे, जिनकी सुरक्षा पंजाब पुलिस ने शनिवार को अस्थायी रूप से वापस ले ली या कम कर दी थी। गायक के सुरक्षा घेरे में कटौती को लेकर विपक्षी दल पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर हमलावर हो गए हैं। वहीं, मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा है कि सुरक्षा में कोताही और जवाबदेही तय करने के पहलुओं पर उच्चतम स्तर पर जांच के आदेश दे दिए गए हैं। उन्होंने हत्या की जांच के लिए हाई कोर्ट के मौजूदा न्यायाधीश की अध्यक्षता में एक न्यायिक आयोग गठित करने की घोषणा भी की है।



