मार्खम, ०२ फरवरी। मार्खम के एक होटल में एक दो महीने का बच्चा गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला है। उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है जहां उसकी हालात गंभीर बनी हुई है। यॉर्क क्षेत्रीय पुलिस घटना की जांच कर रही है। इस मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। इसकी जांच अभी जारी है।
घटना की जांच कर रही कॉन्स्टेबल लौरा निकोल ने कहा कि मौके पर एक शख्स को हिरासत में लिया गया। शख्स को मौके से मिले सबूतों के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पुरुष का बच्चे के साथ क्या संबंध है। पुलिस की जांच में पता चला है कि उस समय कमरे में और भी लोग थे।
पुलिस के अधिकारियों को राजमार्ग ७ के उत्तर में ८९०० वुडबाइन एवेन्यू में एक घायल बच्चे के होने की खबर मिली थी। जब अधिकारी पहुंचे, तो उन्होंने बच्चे को घायल अवस्था में होटल के कमरे में पाया। नवजात को अस्पताल ले जाया गया है जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की अभी भी जांच चल रही है। बहुत से सवालों के जवाब अभी पुलिस को भी नहीं मिल पाएं है। स्पेशल विक्टिम्स यूनिट ने जांच का बीड़ा उठाया है और अन्य यूनिटों द्वारा भी सहायता की जा रही है। इस घटना की जानकारी रखने वाले किसी भी व्यक्ति से पुलिस ने आग्रह किया है कि वह आगे आए और जानकारी साझा करें।