मुंबई, २७ मई। पूनम ढिल्लों अपने जमाने की मशहूर अदाकारा रही हैं। रूपहले पर्दे से दूर चले जाने के बाद भी उनकी लोकप्रियता में कमी नहीं आई है। बाकी स्टारकिड्स की तरह उनकी बेटी पलोमा भी बॉलीवुड की राह पकडऩे वाली हैं। वह सनी देओल के बेटे और अभिनेता राजवीर देओल के साथ फिल्मों में अपना डेब्यू करेंगी। वह अपने करियर की शुरुआत राजश्री प्रोडक्शन के साथ करने वाली हैं। फिल्म का निर्माण राजश्री प्रोडक्शन ही करेगी।
पूनम ने ट्विटर पर प्रशंसकों के साथ खुशखबरी शेयर की है। उन्होंने राजश्री प्रोडक्शन के पोस्ट को शेयर करते हुए अपने ट्वीट में लिखा, बहुत खुश हूं कि मेरी बेटी की लॉन्चिंग राजश्री जैसे बैनर के साथ हो रही है, जिसकी फिल्में मैंने हमेशा पसंद की हैं। राजश्री की सत्यनिष्ठा और सफलता जगजाहिर है। दुर्भाग्य से मुझे कभी इस बैनर के साथ काम करने का मौका नहीं मिला, हालांकि तारा चंद जी और मैं एक प्रोजेक्ट के लिए मिले थे।
यह फिल्म प्रसिद्ध निर्माता सूरज बडज़ात्या के बेटे अवनीश एस बडज़ात्या के निर्देशन में बनने वाली पहली फिल्म है। फिलहाल इसका शीर्षक निर्धारित नहीं किया गया है। यह ५९वीं फिल्म होगी, जिसका निर्माण राजश्री प्रोडक्शन कर रही है। इस साल जुलाई में इसकी शूटिंग मुंबई में शुरू होगी। राजश्री जैसे बड़े प्रोडक्शन बैनर के साथ पलोमा की लॉन्चिंग बेहद खास है। अब देखना है कि पलोमा दर्शकों को लुभा पाती हैं या नहीं।



