न्यूयॉर्क, 8 अगस्त। बिजनेस पत्रिका फोर्ब्स की ताजा तरीन सूची के अनुसार लग्जरी फैशन ब्रांड लुई विटन मोएट हेनेसी के चेयरमैन बर्नार्ड अर्नाल्ट एक बार फिर दुनिया के सबसे दौलतमंद अरबपति बन गए हैं। बर्नार्ड अर्नाल्ट ने ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन के मुखिया जेफ बेजोस को पछाड़कर ये उपलब्धि हासिल की है। इससे पहले भी कई बार बर्नार्ड अर्नाल्ट दौलतमंद अरबपतियों की रैंकिंग में पहले स्थान पर आ चुके हैं।
फोर्ब्स की रियल टाइम नेटवर्थ रैंकिंग के मुताबिक बर्नार्ड अर्नाल्ट की दौलत 198.8 बिलियन डॉलर है। वहीं, जेफ बेजोस की दौलत 193.3 बिलियन डॉलर रह गई है। इसके अलावा टेस्ला के सीईओ एलन मस्क की कुल संपत्ति 182.1 बिलियन डॉलर के करीब है।
फ्रांस के अरबपति बर्नार्ड अर्नाल्ट फैशन ब्रांड लुई वीटन और सेफोरा समेत 70 ब्रांड के मालिक हैं। जनवरी 2021 में लुई वीटन ने अमेरिकी ज्वेलर्स टिफनी एंड कंपनी के लिए 15.8 बिलियन डॉलर का एक सौदा पूरा किया था। इसे अब तक का सबसे बड़ा लक्ज़री ब्रांड अधिग्रहण माना जाता है। इसके बाद से बर्नार्ड अर्नाल्ट की दौलत में लगातार इजाफा हो रहा है।
वहीं फोर्ब्स की रैंकिंग में भारत की ओर से मुकेश अंबानी सबसे दौलतमंद अरबपति हैं। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी की दौलत 79.8 बिलियन डॉलर है। इसके बाद रैंकिंग में 23वें स्थान पर अडानी समूह के मुखिया गौतम अडानी हैं। गौतम अडानी की दौलत करीब 56 बिलियन डॉलर है।
