एडिलेड,०४ नवंबर। न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन की ३५ गेंदों पर ६१ रनों की पारी के बाद स्पिनरों के शानदार प्रदर्शन के दम पर न्यूजीलैंड ने आयरलैंड को ३५ रनों से हराकर टी२० विश्व कप के सेमीफाइनल में अपनी दावेदारी मजबूत कर ली है। शुक्रवार को खेले गए मैच में न्यूजीलैंड एक समय २०० रन के पार जाती दिख रही थी लेकिन आयरलैंड के तेज गेंदबाज जोशुआ लिटिल ने हैट्रिक लेकर न्यूजीलैंड को ६ विकेट पर १८५ रन के स्कोर पर रोक दिया।
आयरलैंड की टीम न्यूजीलैंड द्वारा दिए गए १८६ रनों के लक्ष्य को हासिल नहीं कर सकी और २० ओवर में ९ विकेट पर १५० रन पर सिमट गई।
न्यूजीलैंड के स्पिनर ईश सोढी ने २६ और मिशेल सेंटनेर ने २९ रन देकर दो-दो विकेट हासिल किए जबकि तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्युसन ने तीन विकेट चटकाए।
आयरलैंड पर मिली इस जीत के साथ न्यूजीलैंड के ५ मैचों में ७ अंक हो गए हैं और उसका दवा सेमीफाइनल के लिए बेहद मजबूत हो गया है क्योंकि उसका नेट रनरेट ऑस्ट्रेलिया तथा इंग्लैंड से काफी अच्छा है।



