नई दिल्ली ,२६ मई । केंद्र सरकार ने हिदूंस्तान जिंक में अपनी समूची हिस्सेदारी बेचने को मंजूरी दे दी है। इस ख़बर के बाद कंपनी का शेयर रॉकेट की तरह बढ़ा और बुधवार को इसका भाव ३०० रुपये के पार पहुंच गया। बुधवार के कारोबार में शेयर का भाव ६ फीसदी से ज़्यादा तेज़ी के साथ ३१५ रुपये तक के स्तर तक गया। वहीं, कंपनी का मार्केट कैपिटल १ लाख ३५ हजार करोड़ रुपये तक गया है। आपको बता दें कि हिंदूस्तान जिंक में सरकार की करीब ३७,००० करोड़ रुपये की २९.५४ फीसदी हिस्सेदारी है। आज की स्थिति में इस हिस्सेदारी का मूल्य ३९,३८५.६६ करोड़ रुपये है। हिन्दूस्तान जिंक एक बहुसंख्यक सरकारी स्वामित्व वाली कंपनी थी।
हालांकि, सरकार ने २००२ में फर्म में २६ प्रतिशत हिस्सेदारी बेच दी थी, जिसे वेदांत समूह ने खरीदा था। समूह ने बाद में कंपनी में अपनी हिस्सेदारी ६४.९२ प्रतिशत तक ले जाने के लिए और हिस्सेदारी हासिल कर ली। अब कंपनी पर सरकार का स्वामित्व नहीं रह गया है।



