मॉस्को, 20 सितंबर। रूस की एक यूनिवर्सिटी में हुई गोलीबारी की घटना में 8 लोगों की मौत हो गई। एक बंदूकधारी ने गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया। पर्म स्टेट यूनिवर्सिटी में हुए इस हमले से बचने के लिए डरे हुए छात्र सभागारों और हॉल में छिप गए। सोशल मीडिया पर शेयर किए गए एक वीडियो में डरे हुए छात्र जान बचाने के लिए खिड़कियों से कूदते हुए दिखाई दे रहे हैं। ख़बरों के मुताबिक हमले में आठ लोगों की मौत हो गई और छह घायल हो गए हैं।
रूसी मीडिया के अनुसार शूटर की पहचान 18 साल के तिमूर बेकमानसुरोव (Timur Bekmansurov) के रूप में हुई है जिसकी घटनास्थल पर गोली लगने से मौत हो गई। वीडियो क्लिप में एक शख्स एक बड़े हथियार के साथ पर्म शहर स्थित यूनिवर्सिटी की बिल्डिंग की ओर चलता दिखाई दे रहा है। पर्म शहर रूस की राजधानी मॉस्को से 700 मील पूर्व में स्थित है।
रिपोर्ट के मुताबिक स्कूल के प्रबंधन ने सोमवार की सुबह परिसर में मौजूद सभी लोगों को सचेत किया कि अगर संभव हो तो परिसर को छोड़ दें या खुद को एक कमरे में बंद कर लें। जांचकर्ताओं ने कहा कि गोलीबारी में आठ लोगों की मौत हो गई और छह लोग घायल हो गए। सोशल मीडिया पर शेयर किए गए एक वीडियो में लोगों को खिड़की से कूदकर बाहर भागते हुए देखा जा सकता है।
यूनिवर्सिटी और पुलिस ने जानकारी दी कि शूटर को पकड़े जाने के बाद संकट समाप्त हो गया। कुछ रिपोर्ट्स में अपराधी के घायल होने और मौत के दावे भी किए गए। कानून प्रवर्तन अधिकारियों ने कहा कि शूटर उसी यूनिवर्सिटी का छात्र है जहां हमला हुआ। दावा किया जा रहा है कि उसने सोशल मीडिया पर एक नोट छोड़ा था जिसमें उसने अपने उद्देश्यों के बारे में बताया था।
