106 Views

मोदी के जन्मदिन पर एक दिन में ढाई करोड़ से ज्यादा लोगों को लगी वैक्सीन

नई दिल्ली,18 सितंबर। भारत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर वैक्सीनेशन का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। एक दिन में 2.50 करोड़ से ज्यादा लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाई गई है।कोविन (CoWIN) पोर्टल के मुताबिक, देर रात 12 बजे तक वैक्सीन की 2 करोड़ 50 लाख 10 हजार 390 डोज लगाई गईं। स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि दुनिया में अब तक एक दिन कहीं भी वैक्सीन की इतनी डोज नहीं दी गई हैं। वैक्सीनेशन की रिकॉर्ड रफ्तार का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि शुक्रवार को दोपहर डेढ़ बजे तक ही वैक्सीन के एक करोड़ से ज्‍यादा डोज लगाए जा चुके थे। महज 9 घंटे में ही यह आंकड़ा 2 करोड़ को पार कर गया था। देशभर में हर घंटे 17 लाख, प्रत्येक मिनट 28 हजार और हर एक सेकेंड में 444 डोज लगाए गए। राज्यों की बात करें तो अकेले कर्नाटक में शुक्रवार को 26.92 लाख डोज लगाए गए। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. के सुधाकर ने कहा- मैं उन सभी स्वास्थ्य कर्मियों और अन्य कर्मचारियों को धन्यवाद देना चाहता हूं जो इस ऐतिहासिक टीकाकरण अभियान में शामिल रहे हैं। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने कहा कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को वैक्सीन के 77.77 करोड़ से ज्‍यादा डोज उपलब्ध कराए गए इससे पहले 27 अगस्त, 31 अगस्त और 6 सितंबर को देश में एक करोड़ से ज्यादा वैक्सीन डोज लगाए गए थे। स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने गुरुवार को आह्वान किया था कि देश में वैक्सीनेशन ड्राइव को रफ्तार देनी चाहिए। यह प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन का सबसे अच्छा तोहफा होगा। भाजपा ने इस मौके पर देशभर में अपनी यूनिट्स को निर्देश दिया था कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को वैक्सीन का डोज लगाया जाए। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पीएम मोदी के जन्मदिन पर 20 दिनों का सेवा और समर्पण अभियान शुरू किया है, जो 7 अक्टूबर तक चलेगा। पार्टी इस दौरान मोदी के सार्वजनिक जीवन में दो दशक पूरा करने का भी जश्न मनाएगी। इसमें वह वक्‍त भी शामिल है, जिस दौरान मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री हुआ करते थे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top