नई दिल्ली ,२८ अक्टूबर । भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने एक ऐतिहासिक फैसला लिया है। बीसीसीआई ने कहा कि उसकी ओर से महिला और पुरुष क्रिकेटर्स को अब एक समान फीस दी जाएगी। बीसीसीआई ने अनुबंधित भारतीय महिला क्रिकेटरों के लिए वेतन इक्विटी नीति के कार्यान्वयन की घोषणा की है। पुरुष और महिला दोनों क्रिकेटरों के लिए अब मैच फीस समान होगी।
भारतीय क्रिकेट में अब महिला और पुरुष में वेतन के तौर पर अब कोई भेदभाव नहीं रहेगा। सभी को बराबर मैच फीस मिलेगी। इस बात की जानकारी भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के सचिव जय शाह ने दी है। जय शाह ने इस ऐतिहासिक फैसले का ऐलान सोशल मीडिया के जरिए किया है।
बीसीसीआई के सचिव जय शाह ने ट्वीट कर कहा कि महिला और पुरुष क्रिकेटर्स को अब टेस्ट मैच के लिए १५ लाख रुपये, वनडे मैच के लिए ६ लाख रुपये और टी-२० मैच के लिए ३ लाख रुपये बतौर फीस दी जाएगी।



