183 Views

पहले टेस्ट मैच में भारत ने बांग्लादेश को चटाई धूल

चटगांव,१८ दिसंबर। भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ पहला टेस्ट १८८ रनों से जीत लिया है और सीरीज में १-० की महत्वपूर्ण बढ़त बना ली है। जीत के हीरो चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव और अनुभवी बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा रहे। कुलदीप को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने ४० रन बनाने के साथ दोनों पारियों में ८ विकेट चटकाए।
पांचवें दिन के शुरूआत में बांग्लादेश को जीत के लिए २४१ रनों की जरूरत थी। वहीं भारत अपने जीत से चार विकेट दूर था। पांचवें दिन ऑल राउंडर खिलाड़ी साकिब अल हसन और वनडे सीरीज के हीरो रहे मेहदी हसन मिराज बांग्लादेश की उम्मीद बनकर क्रीज पर उतरे, लेकिन दोनों टीम के लिए कुछ खास न कर सके। हालांकि साकिब ने मैच के दौरान कुछ अच्छे स्ट्रोक लगाए, मगर टीम को जीत तक पहुंचाने में असफल रहे। मेहदी हसन ने ४८ गेंदों पर १३ रन बनाए। मेहदी को सिराज ने आउट कर दिया। उसके बाद टीम की आखिरी उम्मीद बनकर क्रीज पर खड़े साकिब ने आक्रामक बल्लेबाजी करना शुरू कर दिया। एक पल के लिए ऐसा लगने लगा कि साकिब यह मैच भारत से दूर ले जा रहे हैं। साकिब की बल्लेबाजी देख कप्तान केएल राहुल ने कुलदीप को गेंद थमाई। कुलदीप ने बड़े चालाकी से साकिब का विकेट ले लिया और बांग्लादेश को पूरी तरह से बैकफुट पर डाल दिया। इसके बाद बांग्लादेश का कोई भी खिलाड़ी टिक न सका और भारत ने यह मैच अपने नाम कर लिया।
भारत और बांग्लादेश के बीच अब अगला मैच २२ दिसंबर से ढाका के शेर ए बांग्ला स्टेडियम में खेला जाएगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top