एडीलेड,०३ नवंबर । तेज गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन के बाद फॉर्म में चल रहे सलामी बल्लेबाज मैक्स ओ डाउड के अर्धशतक से नीदरलैंड ने बुधवार को यहां जिंबाब्वे को पांच विकेट से हराकर टी२० विश्व कप के सुपर १२ चरण में पहली जीत दर्ज की।
ओ डाउड ने ४७ गेंद में ५२ रन की पारी खेली जिससे नीदरलैंड ने ११८ रन के लक्ष्य को दो ओवर शेष रहते पांच विकेट पर १२० रन बनाकर हासिल कर लिया। नीदरलैंड को इस जीत से दो अंक मिले लेकिन वह पहले ही नॉकआउट की दौड़ से बाहर हो चुकी है। बुधवार की हार के बाद टूर्नामेंट में जिंबाब्वे की उम्मीद भी लगभग खत्म हो गई है।
इससे पहले सिकंदर रजा की उम्दा पारी के बावजूद जिंबाब्वे की टीम लचर बल्लेबाजी करते हुए १९.२ ओवर में ११७ रन पर ढेर हो गई। स्टार ऑलराउंडर रजा ने २४ गेंद में ४० रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी के दौरान तीन चौके और इतने ही छक्के मारे। उनके अलावा सिर्फ सीन विलियम्स (२८) ही दोहरे अंक में पहुंच पाए।
नीदरलैंड की ओर से तेज गेंदबाज पॉल वान मीकेरन सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने २९ रन देकर तीन विकेट चटकाए।



