120 Views

‘नाराज’ शिखर धवन छोड़ सकते हैं सनराइजर्स हैदराबाद, नई टीम हो सकती है मुंबई इंडियंस

नई दिल्ली। भारतीय ओपनर शिखर धवनआईपीएल के आगामी एडिशन में सनराइजर्स हैदराबाद टीम को छोड़ नई फ्रैंचाइजी से खेल सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, धवन इस टीम से नाराज चल रहे हैं और इसे छोड़ने का मन बना रहे हैं। बाएं हाथ का यह बल्लेबाज अपनी कम फीस के कारण टीम से नाखुश चल रहा है।  रिपोर्ट्स के मुताबिक, सनराइजर्स हैदराबाद के लिए पिछले सीजन में खेलने वाले धवन फिलहाल मुंबई इंडियंस में जाने को लेकर चर्चा कर रहे हैं। यदि यह ट्रांसफर सफल होता है तो वह टीम इंडिया के अपने साथी ओपनर और मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा की कप्तानी वाली टीम से खेलते नजर आएंगे।  मुंबई मिरर की रिपोर्ट के अनुसार, धवन आईपीएल फ्रैंचाइजी सनराइजर्स हैदराबाद में खुश नहीं हैं और उन्होंने इसे छोड़ने की इच्छा जाहिर की है। हालांकि उनका कॉन्ट्रैक्ट अगले 3 साल के लिए वैध है लेकिन वह इसे लेकर समझौता करने के लिए चर्चा कर रहे हैं। यह भी जानकारी मिली है कि धवन की किसी बात पर सनराइजर्स टीम के कोच टॉम मूडी के साथ भी बहस हो गई थी।

विराट कोहली (17 करोड़), रोहित शर्मा (15 करोड़), महेंद्र सिंह धोनी (15 करोड़) को अपनी-अपनी फ्रैंचाइजी से जहां मोटी रकम मिली थी, वहीं शिखर धवन को आरटीएम के जरिए सनराइजर्स ने 5.2 करोड़ में खरीदा था। सनराइजर्स ने डेविड वॉर्नर को 12 करोड़ और भुवनेश्वर कुमार को 8.5 करोड़ की भारी-भरकर राशि में रिटेन किया था।  धवन और रोहित ने हाल में एशिया कप में कमाल का प्रदर्शन किया था। रोहित की कप्तानी में टीम इंडिया ने जहां एशिया कप जीता तो वहीं धवन इस टूर्नमेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने। धवन इससे पहले 2 बार मुंबई इंडियंस (2009 और 2010) के लिए खेल चुके हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top