मुंबई,०१ जून। धारावाहिक तारक मेहता का उल्टा चश्मा की लोकप्रियता किसी से छिपी नहीं है। हाल के दिनों में कई कलाकार इस शो को छोड़ चुके हैं। कुछ दिन पहले ही शैलेश लोढ़ा ने शो को अलविदा कहा था। अब इस शो के प्रशंसकों के लिए एक अच्छी खबर आई है। खबरों की मानें तो शो में अभिनेत्री खुशबू पटेल नजर आने वाली हैं। एक नए चेहरे की एंट्री से दर्शकों में उत्साह बना हुआ है।
रिपोर्ट की मानें तो तारक मेहता… में खुशबू की जोड़ी पोपटलाल के साथ बनने वाली है। इस किरदार को अभिनेता श्याम पाठक ने निभाया है। श्याम अपने अंदाज से दर्शकों को ठहाके लगाने पर मजबूर कर देते हैं। उनके किरदार को फैंस ने ढेर सारा प्यार दिया है। ऐसी चर्चा है कि शो के आने वाले एपिसोड में पोपटलाल की शादी की सीरीज दिखाई जाएगी। इसमें खुशबू पोपटलाल की दुल्हनिया के रूप में दर्शकों से रूबरू होंगी।
