क्वेटा,29 सितंबर। इक्वाडोर की एक जेल में हिंसा का मामला सामने आया है, जहां जेल की हाई सिक्योरिटी के बावजूद कैदियों के बीच हुई हिंसक झड़प में 24 कैदियों की मौत हो गई। इसी खूनी झड़प में 48 कैदी घायल भी हो गए। इक्वाडोर की सरकारी एजेंसी ने जेल में वर्चस्व की लड़ाई को लेकर हुई वारदात की पुष्टि की है।
स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक जेल में ऐसा मंजर पहले कभी नहीं देखा गया था। प्रशासन की ओर से जारी बयान के मुताबिक हालात इतने बेकाबू थे कि जब पुलिस की मदद से बात नहीं बनी तो सेना को दखल देना पड़ा। जिसके करीब पांच घंटे बाद जेल के हालात पर काबू पाया जा सका।
गुआस के गवर्नर पाबलो अरोसेमेना ने कहा कि स्थिति अब नियंत्रण में है। उनके मुताबिक हिंसक झड़प में गोलियों और चाकू के साथ बम भी इस्तेमाल किए गए। जेल में ‘लॉस लोबोस’ और ‘लॉस चोनेरोस’ गिरोह के बीच यह हिंसक झड़प हुई।
टीवी पर दिखाई गई सभी तस्वीरों में कैदियों को जेल की खिड़कियों से गोलियां चलाते देखा जा सकता है। गुआस सरकार ने अपने ट्विटर अकाउंट पर भी कुछ तस्वीरें साझा कीं है, जिसमें जेल के एक हिस्से से कुछ रसोइयों को निकाले जाते हुए देखा जा सकता है। इससे पहले, जुलाई में देश की एक जेल में हुए झगड़े में 100 से अधिक कैदी मारे गए थे। वहीं दूसरी जेल में 18 कैदियों की मौत की खबर आई थी।
गौरतलब है कि जेल में गैंगवार का ये इस साल का तीसरा मामला है। जुलाई से पहले फरवरी में भी तकरीबन ऐसा ही नजारा दिखा था तब 80 कैदी मारे गए थे। फिलहाल जेल प्रशासन इस मामले की जांच कर रहा है कि आखिर जेल में इतने बड़े पैमाने पर हथियार कैसे पहुंचे।
