टोरोंटो, कैनेडा २३ जुलाई। हिंदी टाइम्ज़ मीडिया – टी वी पर आयोजित एक परिचर्चा में क्रांतिकारियों की परम्परा को मानने वाले और आज़ाद शतक लिखने वाले योगाचार्य संदीप त्यागी, ग्लोबल गवर्नन्स मीडिया के प्रमुख कुमार राकेश, सामाजिक – राजनैतिक चिंतक और कार्यकर्ता राजेश उपाध्याय, प्रख्यात कवियत्री सुश्री रूप पांडेय शामिल हुए। कार्यक्रम के प्रस्तोता – संचालक थे हिंदी टाइम्ज़ मीडिया के मुख्य सम्पादक राकेश तिवारी। सभी वक्ताओं ने एक मत से स्वीकार किया की लोकमान्य तिलक और आज़ाद के सपनो के भारत का निर्माण नहीं हो पाया है। अभी भी अंग्रेजो के समय के ग़ुलामी परक क़ानूनों से भारत पर शासन किया जा रहा है। आज भी पुलिस , नौकरशाही और राज नेताओं का रवैया अंग्रेजों के समय की याद दिलाता है। नेताओं का इंडिया आज़ाद हुआ लेकिन क्रांतिकारियों का भारत – हिंदुस्तान अभी भी अंग्रेजो के काले क़ानूनों के अंदर ग़ुलामी कि साँस ले रहा है। ऐसे समय में “आज़ाद था आज़ाद हूँ आज़ाद रहूँगा” का उद्घोष करने वाले और २३ जुलाई १९०६ को जन्मे भारत के महान क्रांतिकारी और “हिंदुस्तान सोशलिस्ट रिपब्लिकन आर्मी) के सेनापति महान शहीद चंद्रशेखर आज़ाद और २३ जुलाई १८५६ में जन्मे और ‘स्वराज्य हमारा जन्म सिद्ध अधिकार है” का उद्घोष करने वाले लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक जैसे स्वतंत्रता सेनानियों से प्रेरणा ग्रहण करके हमें उनके सपनों का भारत बनाना है। इस अवसर पर हिंदी टाइम्ज़ टीवी पर www.hinditimestv.com पर पूरे दिन क्रांतिकारी गीतों, फ़िल्मों और विशेष कार्यक्रम चला।



