160 Views

सिद्धू मूसेवाला की मौत का बदला लेने की धमकी, नीरज बवाना ने कहा- २ दिन में रिजल्ट देंगे

नई दिल्ली ,३१ मई । कांग्रेस नेता और सिंगर शुभदीप सिंह उर्फ सिद्धू मूसेवाला की रविवार को पंजाब के मानसा में गोली बरसाकर हत्या कर दी गई। कैनेडा बेस्ड गैंगस्टर गोल्डी बराड़ और लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने इस हत्या की जिम्मेदारी ली है। इन गैंग का नाम सामने आने के बाद दिल्ली के नीरज बवाना गैंग की ओर से कथित तौर पर सिद्धू की हत्या का बदला लेने की धमकी दी गई है। फेसबुक पर नीरज बवाना नाम से की गई एक पोस्ट सामने आई है। इसमें लिखा है सिद्धू मूसेवाला की मौत का समाचार प्राप्त हुआ। सिद्धू हमारा दिल का भाई था, दो दिन भीतर रिजल्ट दे देंगे। इस पोस्ट में टिल्लू ताजपुरिया, कौशल गुडग़ांव और दविंदर भांबिया गैंग का भी जिक्र किया गया है। हालांकि इस पोस्ट की सत्यता की पुष्टि नहीं हो पाई है।

पंजाब पुलिस ने किया गैंगवार में हत्या की ओर इशारा

पंजाब के पुलिस महानिदेशक वीके भवरा ने भी अपने बयान में सिद्धू मूसेवाला की हत्या को गिरोहों के बीच आपसी दुश्मनी का नतीजा कहा है। उन्होंने बताया कि मूसेवाला के प्रबंधक शगनप्रीत का नाम पिछले साल अकाली नेता विक्की मिद्दुखेड़ा की हत्या में सामने आया था। डीजीपी ने कहा कि यह हत्या मिद्देखेड़ा की हत्या का बदला लग रही है। इस पूरे मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, सिद्धू मूसेवाला की हत्या में एएन-९४ रूसी असॉल्ट राइफल का इस्तेमाल किया गया। ये एएन-९४ रूसी राइफल १९९४ की एवोमैट निकोनोवा मॉडल है। बदमाशों ने वारदात के दौरान करीब ३० राउंड गोलियां चलाईं। इसके बाद वो फरार हो गए। पुलिस को गाड़ी का नंबर तो मिला लेकिन वो सब फर्जी निकला। सिद्धू मूसेवाला की हत्या के तार तिहाड़ जेल से जुड़े होने की बातें सामने आई हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top