155 Views

रूस-यूक्रेन युद्ध: रूस से तेल नहीं खरीदेंगे यूरोपीय देश

लंदन,४ मई। २४ फरवरी से चल रही रूस और यूक्रेन जंग में एक अहम मोड़ आ गया है। रूस से अब तक तेल आयात कर रहे यूरोपीय देशों ने आखिरकार फैसला कर लिया है कि वो भविष्य में रूस से तेल आयात नहीं करेंगे। यह फैसला क्रमबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। यूरोपीय यूनियन की प्रेसिडेंट उर्सला वॉन डेर लिन ने इस फैसले की घोषणा की है।

रूस के हवाई हमले में २१ लोगों की मौत
बुधवार को डोनेटस्क में रूस की एयरफोर्स ने जोरदार हवाई हमला किया। इस हमले में २१ लोगों के मारे जाने की खबर है। बताया जाता है कि हाल के दिनों में डोनेटस्क पर यह रूस का सबसे बड़ा हमला है। जानकारी के अनुसार मारे गए लोगों में ज़्यादातर लोग फैक्ट्री मजदूर हैं, जो अपनी यूनिट में काम कर रहे थे।

पुतिन से मुलाक़ात करेंगे पोप फ्रांसिस
यूक्रेन पर रूसी हमलों में अब तक हज़ारों लोग जान गंवा चुके हैं, जबकि लाखों को पलायन के लिए मजबूर होना पड़ा है। इतना सब होने के बाद भी युद्ध की आंच कम होने का नाम नहीं ले रही है। ऐसे में सर्वोच्च ईसाई धर्मगुरु पोप फ्रांसिस ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन से मिलने की इच्छा जताई है।
पोप फ्रांसिस ने यूक्रेन युद्ध की तुलना रवांडा के नरसंहार से की है। अपनी संभावित मुलाकात के बात करते हुए उन्होंने कहा,” अभी तक मुझे पुतिन की तरफ से कोई जवाब नहीं मिला है। यूक्रेन के सवाल पर उन्होंने कहा, ‘मैं अभी के लिए कीव नहीं जा रहा हूं। मुझे लगता है कि मुझे नहीं जाना चाहिए। मुझे पहले मॉस्को जाकर पुतिन से मिलना है।’

रूस ने जापानी पीएम किशिदा पर लगाया प्रतिबंध
रूस के विदेश मंत्रालय ने जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा, विदेश मंत्री योशिमासा हयाशी और रक्षा मंत्री नोबुओ किशिओ समेत ६३ जापानी अधिकारियों, पत्रकारों और प्रोफेसरों के खिलाफ प्रतिबंध लगा दिया है। ये अब रूस में प्रवेश नहीं कर पाएंगे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top