न्यूयॉर्क,०१ अक्टूबर। अपनी कूटनीति पर कायम रहते हुए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) में पेश किए गए निंदा प्रस्ताव पर मतदान से भारत दूर रहा। इस निंदा प्रस्ताव में रूस द्वारा कराए गए जनमत संग्रह की निंदा की गई है। यह प्रस्ताव अमेरिका और अल्बानिया की तरफ से पेश किया गया था। इस प्रस्ताव के पक्ष में १० देशों ने वोट किया और ४ देश मतदान में शामिल नहीं हुए।
परिषद के १५ देशों को इस प्रस्ताव पर मतदान करना था, लेकिन रूस ने इसके खिलाफ वीटो का इस्तेमाल किया, जिसके कारण प्रस्ताव पारित नहीं हो सका।
इससे पहले संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने गुरुवार को कहा कि धमकी या बल प्रयोग से किसी देश द्वारा किसी अन्य देश के क्षेत्र पर कब्जा करना संयुक्त राष्ट्र चार्टर और अंतरराष्ट्रीय कानून के सिद्धांतों का उल्लंघन है।



