जयपुर। हिंदी पट्टी के तीन राज्यों में कांग्रेस की सत्ता में वापसी के बाद सोमवार का दिन बेहद खास है। इस दौरान अलग-अलग पार्टियों के नेताओं के जमावड़े को जहां विपक्षी एकता की कसौटी पर परखा जा रहा है, वहीं शपथग्रहण के दौरान पहुंच रहे नेताओं की एकजुटता को बयां करती एक तस्वीर भी काफी दिलचस्प है। दरअसल जयपुर के अल्बर्ट हॉल में अशोक गहलोत सरकार का शपथग्रहण कार्यक्रम था। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपने ट्विटर अकाउंट से एक तस्वीर पोस्ट की है, जिसमें वह पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के बगल में बैठे हैं। खास बात यह है कि इसी बस में शरद यादव, फारूक अब्दुल्ला, एमके स्टालिन और शरद पवार जैसे विपक्ष के दिग्गज नेता बैठे नजर आए। शपथग्रहण कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी पूर्व पीएम और जेडीएस नेता एचडी देवगौड़ा के साथ गले मिलते भी नजर आए। इन दिनों के बीच उस वक्त गर्मजोशी साफ झलक रही थी। बता दें कि कर्नाटक में अभी कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन की सरकार है।
बता दें कि सोमवार को अशोक गहलोत ने राजस्थान के 22वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। वहीं उनके साथ सचिन पायलट ने भी डेप्युटी सीएम के पद की शपथ ली। इस मौके पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी भी पहुंचे थे। खास बात यह रही कि राहुल गांधी एयरपोर्ट से आयोजन स्थल तक किसी तामझाम के साथ नहीं बल्कि बस से पहुंचे। उनके साथ बस में कई अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे। प्रदेश के राज्यपाल कल्याण सिंह ने अशोक गहलोत और सचिन पायलट को शपथ दिलाई। इस अवसर पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह सुबह एयरक्राफ्ट से जयपुर पहुंचे। एयरपोर्ट से वे लोग अल्बर्ट हॉल तक एक ही बस में पहुंचे। राहुल गांधी के एयरपोर्ट पहुंचते ही खुद अशोक गहलोत और सचिन पायलट ने उनका स्वागत किया। बस में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ मनमोहन सिंह, मल्लिकार्जुन खड़गे, ज्योतिरादित्य सिंधिया, नवजोत सिंह सिद्धू, जितिन प्रसाद समेत यूपीए के कई दिग्गज मौजूद रहे। वहीं डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन, शरद पवार जैसे नेता भी बस में सवार थे। यह तीसरी बार है जब अशोक गहलोत राजस्थान के मुख्यमंत्री बने हैं। वह पहली बार 1998 में और 2008 में दूसरी बार मुख्यमंत्री बने थे। राजस्थान में यह पहली बार है जब जयपुर के अल्बर्ट हॉल में किसी मुख्यमंत्री के शपथग्रहण समारोह का आयोजन किया गया, इससे पहले शपथग्रहण समारोह का आयोजन राजभवन में ही होता था। डेप्युटी सीएम के पद पर शपथ लेने वाले सचिन इस दौरान अपने पिता स्वर्गीय राजेश पायलट के अंदाज में सिर में लाल पगड़ी बांधे हुए दिखे। पूर्व सीएम वसुंधरा राजे भी कार्यक्रम स्थल में मौजूद रहीं।



