121 Views

राम-राम जी, मैं अरविंद केजरीवाल बोल रहा हूं

फरीदाबाद। दिल्ली के सरकारी स्कूलों व मोहल्ला क्लिनिक को देखने का निमंत्रण मुख्यमंत्री मनोहर लाल को देने के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मोबाइल कॉलिंग का दांव खेल दिया है। हरियाणा के मोबाइल नंबरों पर केजरीवाल की प्री-रिकॉर्डेड कॉल्स आनी शुरू हो गई हैं। इसमें वह हरियाणवी अंदाज में दिल्ली में आम आदमी पार्टी की ओर से किए गए कार्यों का बखान कर रहे हैं। हरियाणा के लोगों के मोबाइल नंबरों पर मुंबई के नंबर से कॉल आ रही है। इस 58 सेकंड की कॉल में अरविंद केजरीवाल हरियाणवी अंदाज में बात कर रहे हैं। कॉल की शुरुआत ‘हेलो, हां राम-राम जी’ से हो रही है। मैं अरविंद केजरीवाल बोलूं, दिल्ली का मुख्यमंत्री, ठीक हो, कहने के बाद वह दिल्ली में शिक्षा, स्वास्थ्य की बदली सूरत का बखान करते हैं। अंत में आम आदमी पार्टी न जिता दो, दिल्ली त भी घणा काम करके दिखावांगे, जय हिन्द, कहते ही कॉल कट जाती है।
अपने संबोधन में केजरीवाल मुख्यमंत्री मनोहर लाल पर तंज भी कसते हैं। वह कहते हैं कि जो काम खट्टर हरियाणा में चार साल में नहीं कर सके, हमने दिल्ली में तीन साल में कर दिया है। वे अन्य पार्टियों में मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रहे घमासान का जिक्र करने से भी नहीं चूके। गौरतलब रहे कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का इस समय हरियाणा पर पूरा फोकस नजर आ रहा है। पिछले दिनों वे झज्जर जिले के बेरी उपमंडल के स्कूल में सभा कर चुके हैं। उस स्कूल की हालत केजरीवाल के पहुंचने से पहले प्रदेश सरकार द्वारा संवारे जाने का दावा आम आदमी पार्टी ने किया था। अब 17 नवंबर को केजरीवाल करनाल जिले में पबाना गांव में सभा करने जा रहे हैं। वह वहां की बदहाल डिस्पेंसरी का भी जायजा लेंगे। इसी बीच उन्होंने मुख्यमंत्री मनोहर लाल को दिल्ली के सरकारी स्कूल व मोहल्ला क्लीनिक देखकर सीख लेने की नसीहत भी दी थी। इसके लिए बाकायदा दो बार निमंत्रण भी भेज चुके हैं। वहीं, आप के प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद का कहना है कि अरविंद केजरीवाल मूल रूप से हरियाणवी हैं। उन्हें प्रदेश के मुद्दों के बारे में बखूबी पता है। शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाओं की हालत किसी से छिपी नहीं है। वह कहते हैं कि हर व्यक्ति तक अपनी बात पहुंचाने के लिए प्री-रिकॉर्डेड वॉयस कॉल पहुंचाई जा रही है, ताकि लोगों को दिल्ली में हुए बदलावों का पता चल सके।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top