वॉशिंगटन,२ मई। भारतीय प्रतिभा का लोहा पूरे विश्व में माना जाता है। दुनिया भर के बड़े औद्योगिक संस्थानों तथा सरकारों में महत्वपूर्ण पदों पर भारतीयों ने नियुक्ति पाई है। अमेरिका में भारतीय मूल के नंद मूलचंदानी को अमेरिकी खुफिया एजेंसी सीआईए का चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर बनाया गया है। खास बात यह है कि इस खुफिया एजेंसी में पहली बार चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर की पोस्ट क्रिएट की गई है। मूलचंदानी के नाम का ऐलान सीआईए चीफ विलियम बर्न्स ने स्वयं किया है।
नंद की स्कूली शिक्षा दिल्ली में ही हुई है। नंद दिल्ली में स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद अमेरिका चले गए और बाद में वहां की नागरिकता हासिल कर ली। उन्होंने कॉलेज और हायर स्टडीज अमेरिका में ही की।
नंद सीधे सीआईए चीफ विलियम बर्न्स को रिपोर्ट करेंगे। उनके काम का एक ख़ास दायरा और विज़न होगा। बर्न्स ने एक बयान में कहा- नंद सीधे मुझे रिपोर्ट करेंगे। हम सीआईए के मिशन को नई दिशा और रफ्तार देना चाहते हैं। मूलचंदानी इस एजेंसी के टेक्नोलॉजिकल डिपार्टमेंट को देखेंगे।
नियुक्ति के बाद मूलचंदानी ने एक बयान में कहा- मुझे खुशी और गर्व है कि मैं एक शानदार और प्रोफेशनल टीम के साथ काम करने जा रहा हूं। यहां हर सेक्टर के एक्सपर्ट लोग हैं और वर्ल्ड क्लास फेसेलिटीज हैं। हम मिलकर काम कर पाएंगे और इस एजेंसी को एक नया मुकाम दिलाएंगे।
आपको बता दें कि सीआईए में आने से पहले मूलचंदानी यूएस डिफेंस डिपार्टमेंट में जॉइंट आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस ऑफिसर थे। वो करीब २५ साल तक सिलिकॉन वैली में काम कर चुके हैं और कई स्टार्टअप्स में सीईओ रह चुके हैं। इनमें ओबिलिक्स, डिटरमिना, ओपन डीएनएस और स्केल एक्सट्रीम शामिल हैं।
बर्न्स ने मूलचंदानी के बारे में कहा- जब से मैंने सीआईए की कमान संभाली है तब से टेक्नोलॉजी और सीटीओ को लेकर गंभीरता से काम किया है। हमारे लिए यह बहुत अहम पद है। मुझे खुशी है कि नंद हमारी टीम में शामिल हो रहे हैं। उनके अनुभव से टीम को फायदा होगा।



