नई दिल्ली। एक बार फिर किसानों ने विरोध प्रदर्शन में जान फूंकने की तैयारी कर ली है। शुक्रवार को किसान संगठनों के आह्वान पर किसानों ने पंजाब, हरियाणा में सड़क और रेल ट्रैक बैठकर प्रदर्शन किया। वहीं यूपी में भी किसानों ने चक्का जाम कर दिया। वहीं किसानों के इस प्रदर्शन में यात्री परेशान नजर आए। असल में संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर शुक्रवार को हरियाणा और पंजाब दोनों ही राज्यों में बंद का खासा असर देखने को मिल रहा है। किसान सुबह से ही मुख्य सड़कों और रेल की पटरियों पर बैठे हैं। हालांकि सेना के वाहनों और एंबुलेंस को नहीं रोका जाएगा, लेकिन बसें व ट्रेनें बंद होने से आम यात्री भटकने को मजबूर हैं। पंजाब में भी कई जरूरी चीजों की सप्लाई ठप नजर आई। अमृतसर में किसानों की ओर से गोल्डन गेट, रेलवे फाटक वल्ला कत्थू नंगल, चब्बा, गहरी मंडी, मेहता चौक, जंडियाला गुरु, अजनाला, तरसिक्का और मजीठा आदि जगह पर रोष प्रदर्शन करते हुए रेल और बस यातायात पूरी तरह बंद कर दी है। हरियाणा में अंबाला के शाहपुर के पास किसान रेल ट्रैक पर धरना देकर बैठ गए हैं।



