नई दिल्ली ,३१ मई । संघ लोक सेवा आयोग द्वारा सिविल सेवा परीक्षा २०२१ के सोमवार को घोषित किए गए परिणाम श्रुति शर्मा ने देशभर में टॉप किया है। अखिल भारतीय स्तर पर प्रथम स्थान पाने वाली श्रुति की इस कामयाबी ने सबको चौंका दिया है। श्रुति का परिवार दिल्ली के ईस्ट ऑफ कैलाश इलाके में रहता है। वह मूलरूप से उत्तर प्रदेश के बिजनौर की रहने वाली हैं। श्रुति अपनी इस सफलता का श्रेय हर उस व्यक्ति को देना चाहती हैं, जिन्होंने इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वह इस कामयाबी का श्रेय अपने परिवार, माता-पिता, दोस्तों, जामिया की कोचिंग सहित अन्य शैक्षणिक संस्थानों को भी दे रही हैं, जहां उन्होंने पढ़ाई की है। श्रुति ने दिल्ली विश्वविद्यालय के सेंट स्टीफंस कॉलेज से हिस्ट्री ऑनर्स में ग्रेजुएशन तथा जेएनयू में हिस्ट्री से पोस्ट ग्रेजुएशन की है। वह पिछले दो साल से जामिया मिल्लिया इस्लामिया की रेजिडेंशियल कोचिंग से पढ़ाई कर रही थीं। उन्होंने कहा कि मुझे जो जिम्मेदारी दी जाएगी उसे स्वीकार करूंगी, लेकिन मेरी व्यक्तिगत रुचि शिक्षा और महिला सशक्तिकरण क्षेत्र है।
उन्होंने अपनी सफलता का कोई एक खास मंत्र तो नहीं बताया, लेकिन इतना जरूर कहा कि अपने कोर्स की पढ़ाई के लिए एक रणनीति बनाना जरूरी है। इसके साथ ही नोट्स बनाना, उसे दोहराना इसके अलावा मानसिक रूप से एकाग्रता आवश्यक है। तैयारी की इस यात्रा में धैर्य आवश्यक है। जब तक आपके अंदर से यह न आए कि आपको प्रशासनिक सेवा के क्षेत्र में जाना है, तब आप यहां न आएं, क्योंकि इसके लिए एकाग्रता के अलावा धैर्य की आवश्यकता होती है।
श्रुति का कहना है कि कितने घंटे कोई पढ़ रहा है यह मायने नहीं रखता है, बल्कि यह मायने रखता है कि कोई कितनी लगन से पढ़ाई कर रहा है, क्योंकि सबकी क्षमता और योग्यता अलग-अलग होती है।



