नई दिल्ली,22 फरवरी। हिमाचल प्रदेश में एक पटाखा फैक्टरी में धमाका होने के बाद कम से कम सात लोगों की मौत हो गई जबकि 10 लोग गंभीर रूप से झुलस गए।
यह घटना ऊना जिले के टाहलीवाल की पटाखा फैक्टरी की है। सभी घायलों को ऊना के क्षेत्रीय अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। पुलिस मौके पर छानबीन कर रही है। विस्फोट में घायल एक महिला ने बताया कि विस्फोट के समय फैक्टरी में करीब 30 से 35 लोग काम कर रहे थे। काम के दौरान ही अचानक जोरदार धमाका हुआ और उसके बाद फैक्टरी में आग भड़क गई।
खबरों के अनुसार, इस हादसे में अब तक सात कामगारों की मौत की पुष्टि हो गई है। हालांकि, विस्फोट के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। डीएसपी हरोली अनिल पटियाल ने मीडिया को बताया कि सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
जानकारी के अनुसार, ऊना के हरोली के टाहलीवाल में पटाखा फैक्ट्री में यह विस्फोट हुआ। हादसे के बाद मौके पर आग लग गई और कामगार महिलाएं जिंदा जल गईं। आग पर बमुश्किल काबू पाया जा सका। घायलों को ऊना अस्पताल लाया गया है। घायलों में कुछ लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। विस्फोट के बाद घटनास्थल पर 7 महिलाओं के शव बरामद हुए हैं।



