नई दिल्ली। कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते कहर को देखते हुए राज्य सरकारों की चिंता बढ़ गई है। दिल्ली में कोरोना को रोकने के लिए कड़ा फैसला लिया गया है। दिल्ली में आगामी 26 अप्रैल तक लॉकडाउन लगा दिया गया है। यह लॉकडाउन सोमवार रात (आज) 10 बजे से लागू होगा और अगले एक सप्ताह 26 अप्रैल तक चलेगा। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने वर्जुअल पत्रकार वार्ता कर इसका एलान कर दिया। अब आगामी 26 अप्रैल तक दिल्ली में पूर्ण कर्फ्यू लगाया जा रहा है। इससे पूर्व सोमवार सुबह उपराज्यपाल अनिल बैजल साथ अरविंद केजरीवाल ने बैठक की थी। माना जा रहा है कि इस बैठक में इसका निर्णय लिया गया। 26 अप्रैल तक सामान्य गतिविधियां ठप रहेंगी, लेकिन जरूरी सेवाओं को छूट दी गई है।



