नई दिल्ली ,१० मई। बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना चक्रवाती तूफान असानी १२ किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तटीय आंध्र प्रदेश और ओडिशा की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक चक्रवात असानी के असर से १२० किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग की ओर से तूफान की चेतावानी को देखते हुए ओडिशा सरकार अलर्ट पर है। प्रशासनस की तरफ से तटीय इलाके खाली करवाए जा रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक चक्रवात असानी के १० मई की रात तक उत्तर पश्चिम की ओर बढऩे और उत्तरी आंध्र प्रदेश तथा ओडिशा के तटों से पश्चिम मध्य और इससे सटे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग की ओर से जारी की गई बुलेटिन में बताया गया है कि चक्रवात उत्तर-उत्तर-पूर्व की ओर मुड़ सकता है और ओडिशा तट के पास बंगाल की खाड़ी के उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ सकता है। वहीं, अगले २४ घंटों के दौरान इसके धीरे-धीरे कमजोर होने की संभावना है।
चक्रवात का असर ओडिशा के तटीय इलाके और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में दिखेगा। दोनों ही राज्यों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। आईएमडी ने ओडिशा के तटीय इलाकों के कुछ हिस्सों में सात से ११ सेंटीमीटर बारिश का अनुमान लगाया है।
ओडिशा के सभी बंदरगाहों पर दूरस्थ चेतावनी संकेत-२ जारी कर दिया गया है। इसके तहत जहाजों को तट के पास नहीं आने के लिए आगाह किया गया है। वहीं, मछुआरों को अगले कुछ दिनों तक पश्चिम-मध्य और उससे सटे दक्षिण बंगाल की खाड़ी में समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।



