137 Views

कैनेडियन अभिनेता विलियम शेटनर ने रचा इतिहास, बने अंतरिक्ष में जाने वाले सबसे उम्रदराज़ इंसान

सैन फ्रांसिस्को,14 अक्टूबर। कैनेडा के अभिनेता विलियम शेटनर में 90 वर्ष की आयु में अंतरिक्ष की सैर कर इतिहास रच दिया है। वह इतनी अधिक आयु में अंतरिक्ष में जाने वाले विश्व के प्रथम व्यक्ति बन गए हैं। उन्होंने अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस की कंपनी ब्लू ओरिजिन के माध्यम से अंतरिक्ष की सैर की। ब्लू ओरिजिन ने अंतरिक्ष में दूसरी बार सफलतापूर्व उड़ान भरी है। लांच किए गए राकेट का नाम एनएस-18 है। इसमें चार क्रू मेंबर थे। शेटनर के अलावा क्रू में ब्लू ओरिजिन के वाइस प्रेसिडेंट आंड्रे पावर्स, प्लांट लैब के को फाउंडर क्रिस बासहुईजेन और मेडिडेटा के कोफाउंडर ग्लेन डि व्रिस शामिल थे। यह यान भारतीय समयानुसार शाम को लगभग 7.30 बजे अंतरिक्ष के लिए रवाना हुआ। यह न्यू शेपर्ड का 18वां मिशन है। मिशन की अवधि करीब 10 मिनट की रही। इस दौरान राकेट की रफ्तार ध्वनि की रफ्तार से तीन गुना अधिक थी। यह राकेट पूरी तरह से ऑटोमेटिक था। यानी यह पूरी तरह से पायलट विहीन रॉकेट था ।
स्पेस से नीचे आते वक्त क्रू ने पैराशूट के सहारे टेक्सास के रेगिस्तानी इलाके में सुरक्षित लैंडिंग की। इस राकेट का फिर से इस्तेमाल किया जा सकता है। राकेट का नाम न्यू शेपर्ड अंतरिक्ष में जाने वाले पहले अमेरिकी एलन शेपर्ड नाम पर रखा गया है। गौरतलब है कि पृथ्वी से 100 किलोमीटर ऊपर अंतरिक्ष की सीमा मानी जाती है। इसे कारमन लाइन कहा जाता है। न्यू शेपर्ड राकेट ने इस सीमा से आगे तक उड़ान भरी। आपको बता दें कि 20 जुलाई को ब्लू ओरिजिन ने सफलतापूर्वक अपनी पहली मानव उड़ान भरी थी। इसमें जे़फ बेजो़स, उनके भाई मार्क बेजो़स, सबसे कम उम्र में अंतरिक्ष में गए 18 साल के ओलिवर डेमन और 82 वर्षीय वैली फंक शामिल थे। तब फंक ने सबसे ज्यादा उम्र में अंतरिक्ष में जाकर इतिहास रचा था। अब यह उपलब्धि कैनेडियन अभिनेता विलियम शेटनर के नाम दर्ज हो गई है।
दिलचस्प बात यह है कि शेटनर ने हॉलीवुड की सुपरहिट सीरीज स्टार ट्रैक में कैप्टन किर्क का किरदार निभाया था। इसके बाद उन्होंने इस सीरीज के फिल्मी संस्करण में भी यही किरदार निभाया था। रील लाइफ के बाद उन्होंने रियल लाइफ में भी अंतरिक्ष की सैर कर ली है। ऐसा करने वाले वह पहले अभिनेता हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top