टोरंटो,16 अगस्त। कैनेडा में 20 सितंबर को चुनाव होंगे। प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने रविवार को चुनावों की घोषणा की और कनाडा के विश्व के सबसे अधिक पूर्ण टीकाकरण वाले देशों में से एक होने का हवाला देकर एक बार फिर सत्ता में लौटने का दावा किया । ट्रूडो ने रविवार को गवर्नर जनरल से मुलाकात करने के बाद घोषणा की कि चुनाव 20 सितंबर को होंगे। गवर्नर जनरल एक रस्मी पद होता है, जो देश के प्रमुख के तौर पर ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का प्रतिनिधि होता है।
ट्रूडो संसद में अधिकतर सीटों पर जीत हासिल करना चाहेंगे। उनकी लिबरल पार्टी दो वर्ष पहले अल्पमत में आ गई थी और विधेयक पारित कराने के लिए विपक्ष पर निर्भर थी।
गौरतलब है कि कैनेडा में कोविड-19 की नई लहर के बीच चुनाव कराए जा रहे हैं। यह लहर कोरोना वायरस के डेल्टा स्वरूप के कारण हो सकता है। ट्रूडो पहले की तरह देश में लोकप्रिय नहीं हैं लेकिन उनकी सरकार जिस तरह से महामारी से निपटी है उसे सफल करार दिया गया है। कैनेडा में वर्तमान में सभी नागरिकों के लिए पर्याप्त संख्या में वैक्सीन उपलब्ध है। इकहत्तर फीसदी से अधिक पात्र कैनेडियन नागरिकों का पूर्ण टीकाकरण हो गया है और 82 फीसदी से अधिक लोगों को टीके की कम से कम एक डोज दी जा चुकी है।
साथ ही सरकार ने लॉकडाउन के दौरान अर्थव्यवस्था को उबारने के लिए करोड़ों डॉलर खर्च किए हैं।



