143 Views

कैनेडा चुनावों में ट्रूडो सरकार की जीत पर मोदी ने दी बधाई

ओटावा, 23 सितंबर। कैनेडा के संसदीय चुनाव में लिबरल पार्टी के नेता और प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने फिर से सत्ता में वापसी तय है। चुनाव में न्यू डेमोक्रेटिक पार्टी नेता जगमीत सिंह और रक्षा मंत्री हरजीत सज्जन समेत 17 भारतीय-कैनेडियन लोगों ने जीत हासिल की है। भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करके ट्रूडो को बधाई दी। मोदी ने लिखा, “चुनावों में जीत के लिए प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो को बधाई। मैं भारत-कैनेडा संबंधों को और मजबूत करने के साथ ही वैश्विक और बहुपक्षीय मुद्दों पर सहयोग के लिए साथ मिलकर काम जारी रखने का इच्छुक हूं।”
जगमीत सिंह ने कहा कि न्यू डेमोक्रेट्स पर भरोसा कर सकते हैं‌। ट्रूडो को बधाई देते हुए जगमीत सिंह ने कहा कि वह यह सुनिश्चित करने के लिए लड़ते रहेंगे कि सुपर अमीर अपने हिस्से का भुगतान करें। जगमीत सिंह बर्नाबी साउथ से विजयी हुए हैं। वह करीब 40 प्रतिशत वोट शेयर से जीते। उन्होंने कहा, “मैं कहना चाहता हूं कि कैनेडियन जानते हैं कि आप अपनी लड़ाई जारी रखने के लिए न्यू डेमोक्रेट्स पर भरोसा कर सकते हैं। जैसा कि हमने महामारी में आपके लिए लड़ाई लड़ी। जब लोग कठिन समय में संघर्ष कर रहे थे, जब लोग अपने भविष्य के बारे में चिंतित थे। हम वहां पर खड़े रहे।” भंग कैबिनेट में सभी तीन भारतीय मूल के कैनेडियन मंत्रियों (हरजीत सज्जन, अनीता आनंद और बर्दिश चागर) ने भी जीत हासिल की है। रक्षा मंत्री हरजीत सज्जन करीब 49 प्रतिशत वोट शेयर के साथ वैंकूवर-साउथ से फिर से चुने गए हैं। पिछले चुनाव की तुलना में इस बार उन्हें ज्यादा वोट मिले हैं। उन्होंने कहा कि मेरा समुदाय मुझे जानता है। जब हम 10, 15, 20, 30 साल पहले हुई चीजों के बारे में बात करते हैं, तो जाहिर है कि हम कार्रवाई करने जा रहे हैं। अब आगे आने का विश्वास रखते हुए और महिलाएं आगे आ रही हैं।
लिबरल नेता अनीता आनंद ने वॉलंटियर्स को धन्यवाद दिया।लिबरल नेता अनीता आनंद को करीब 46 प्रतिशत वोट शेयर के साथ ओकविल से विजेता घोषित किया गया। आनंद कोरोना वायरस के खिलाफ जारी वैक्सीनेशन अभियान की मंत्री हैं। जीत के बाद उन्होंने कहा कि मैं बस खुश हूं। उन्होंने वॉलंटियर्स को धन्यवाद दिया, जिन्होंने एक टीम के रूप में लगातार पांच सप्ताह तक कड़ी मेहनत की।लिबरल पार्टी के अन्य विजेताओं में ब्रैम्पटन वेस्ट से कमल खेड़ा, ब्रैम्पटन नॉर्थ से रूबी सहोटा, ब्रैम्पटन साउथ से सोनिया सिद्धू, ब्रैम्पटन ईस्ट से मनिंदर सिद्धू और सरे-न्यूटन से सुख धालीवाल शामिल हैं। वहीं, अल्बर्टा में कैलगरी स्काईव्यू से जॉर्ज चहल, पार्कडेल-हाई पार्क से आरिफ विरानी, सरे सेंटर से रणदीप सराय, डोरवाल-लचिन-लासाल से अंजू ढिल्लों, नेपियन से चंद्र आर्य और मिसिसॉगा-माल्टन से पहली बार उम्मीदवार बने इकविंदर गहीर ने जीत हासिल की है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top