231 Views

कनाडा पर लहराया चौथी लहर का खतरा

ओटावा,1 अगस्त। कैनेडा पर कोरोना महामारी की चौथी लहर का खतरा मंडरा रहा है। देश की मुख्य सार्वजनिक स्वास्थ्य अधिकारी का कहना है कि गर्मियों के अंत तक कोविड-19 की चौथी लहर आ सकती है। इसके पीछे की वजह खतरनाक डेल्टा वेरिएंट होने वाला है। स्वास्थ्य अधिकारी डॉ थेरेसा टैम ने कहा, इसके अलावा ऐसा होने की वजह प्रतिबंधों को जल्द हटाना और पर्याप्त लोगों को वैक्सीन नहीं लगवाना हो सकता है।
डॉ थेरेसा टैम ने कहा कि मजबूत वैक्सीनेशन रेट ने अस्पताल में भर्ती होने और मौतों को कम करने में मदद की है। लेकिन अस्पतालों और स्वास्थ्य देखभाल प्रणाली को नए सिरे से दबाव से बचाने के लिए वैक्सीनेशन दर में और वृद्धि होनी चाहिए। उन्होंने युवा वयस्कों से जल्द से जल्द पूरी तरह से वैक्सीनेट होने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि युवाओं में वैक्सीनेशन के मामले में देश पिछड़ रहा है। टैम ने बताया कि कनाडा के 63 लाख लोगों को वैक्सीन की पहली डोज और 50 लाख को दूसरी डोज नहीं मिली है।
मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा, कैनेडा में आने वाले लेबर डे को देखते हुए सुरक्षात्मक वातावरण स्थापित करना बेहद जरूरी है। इस दौरान लोग स्कूलों, कॉलेजों, यूनिवर्सिटी और कार्यस्थलों पर इकट्ठा होने वाले हैं। टैम ने कहा कि बेहतर सुरक्षा स्थापित करने के लिए सभी आयु समूहों में वैक्सीन कवरेज 80 प्रतिशत से अधिक होना चाहिए। उन्होंने कहा, अधिक संक्रामक डेल्टा वेरिएंट बिना वैक्सीन लगवाए युवा लोगों के बीच फैल सकता है। इससे स्वास्थ्य देखभाल क्षमता खासा प्रभावित हो सकती है।
डॉ टैम ने कहा, तीसरी लहर के चरम के बाद से वर्तमान कोरोना मामलों की संख्या में 93 प्रतिशत की गिरावट आई है। पिछले सात दिनों में प्रतिदिन औसतन 640 नए संक्रमण के मामले सामने आए हैं। उप मुख्य सार्वजनिक स्वास्थ्य अधिकारी हॉवर्ड न्जू ने कहा कि कनाडा की मजबूत वैक्सीनेशन दर का मतलब है कि संक्रमण में होने वाले इजाफे से मौतों और अस्पताल में भर्ती होने वाले लोगों की संख्या कम होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि बिना वैक्सीन लगवाए लाखों कैनेडियन वास्तव में गंभीर खतरे में हैं और अन्य के लिए भी खतरा बन सकते हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top