ओटावा,16 जुलाई। कोविड-19 टीके के लिए अमेरिका और कैनेडा में भारत बायोटेक की साझेदार ऑक्यूजेन इंक ने कोविड वैक्सीन को मंजूरी दिलाने के लिए हेल्थ कनाडा के पास आवेदन दिया है। अमेरिकी कंपनी ने एक नियामकीय सूचना में यह जानकारी दी है। हेल्थ कैनेडा, कैनेडा सरकार का एक विभाग है जो राष्ट्रीय स्वास्थ्य नीति के लिए जिम्मेदार है। सूचना के मुताबिक यह कदम भारत बायोटेक के तीसरे चरण के क्लिनिकल ट्रॉयल के बाद उठाया गया है। इस क्लिनिकल ट्रायल से करीब 25,800 वयस्कों में वैक्सीन की प्रभावकारिता और सुरक्षा का पता चला है।
हेल्थ कैनेडा के पास आवेदन रोलिंग रिव्यू के लिए दिया गया है। जिसके साथ कैनेडा सरकार का यह विभाग टीके को लेकर तुरंत समीक्षा शुरू कर सकता है। ऑक्यूजेन ने अपनी सहयोगी कंपनी वैक्सीजेन लिमिटेड के जरिए आवेदन दिया है।
हेल्थ कैनेडा वैक्सीन की सुरक्षा, प्रभावकारिता और गुणवत्ता का समर्थन करने के लिए पेश किए गए प्रमाण की समीक्षा के आधार पर फैसला लेगा।
गौरतलब है कि एक वैक्सीन कंपनी के लिए कोवैक्स या अंतरराष्ट्रीय खरीद जैसी वैश्विक सुविधाओं के लिए वैक्सीन की आपूर्ति करने के लिए डब्ल्यूएचओ की पूर्व-योग्यता या ईयूएल जरूरी है। डब्ल्यूएचओ ने आपातकालीन उपयोग के लिए फाइजर-बायोएनटेक, एस्ट्राजेनेका-एसके बायो/एसआईआई, जॉनसन एंड जॉनसन जेनसेन, मॉडर्ना और सिनोफार्म की वैक्सीन को मंजूरी दी है।



