वॉशिंगटन,29 जुलाई।अलास्का प्रायद्वीप में भूंकप के जोरदार झटके महसूस किए गए। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 8.2 बताई जा रही है। भूकंप का केंद्र अलास्का में पेरीविल शहर से 91 किमी पूर्व-दक्षिण पूर्व में माना जा रहा है। भूकंप की तीव्रता इतनी अधिक थी कि इसके बाद दक्षिण अलास्का, हवाई और अलास्का प्रायद्वीप में सुनामी की चेतावनी जारी की गई है। लोगों को तट से दूर और सुरक्षित स्थान पर जाने के लिए कहा गया है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएस जीएस) के अनुसार भूकंप रात 10:15 बजे आया, जो कि 35 किलोमीटर की गहराई पर था।
अलास्का में राष्ट्रीय सुनामी चेतावनी केंद्र (एनटीडब्ल्यूसी) ने दक्षिणी भागों, प्रायद्वीप और प्रशांत तटीय क्षेत्रों के लिए हिनचिनब्रुक प्रवेश से उनिमक दर्रे तक सुनामी की चेतावनी जारी की है। केंद्र ने कहा कि वह अन्य अमेरिकी और कैनेडियन प्रशांत तटीय क्षेत्रों के लिए सुनामी के खतरे के स्तर का मूल्यांकन कर रहे हैं।
आपको बता दें कि अमेरिका के इसी राज्य में इससे पहले तलकीतना पर्वतीय क्षेत्र में 31 मई को 6.1 तीव्रता का भूकंप आया था। भूकंप के झटके होमर से लेकर फेयरबैंक्स तक महसूस किए गए थे। एंकरेज और वसिला इलाकों में ये झटके काफी तेज थे। अलास्का के इस क्षेत्र में मई में आए भूकंप से किसी भी प्रकार की जानमाल का नुकसान नहीं हुआ था।
गौरतलब है कि अलास्का में अक्सर ही भूकंप के झटके आते रहते हैं। अलास्का पैसिफिक रिंग ऑफ फायर में आता है जिसे सीस्मिक ऐक्टिविटी में काफी सक्रिय माना जाता है। यहीं पर मार्च 1964 में उत्तरी अमेरिका का सबसे विनाशकारी भूकंप दर्ज किया गया था जिसकी रिक्टर पैमान पर 9.2 तीव्रता थी।
67 Views