लास एंजिलिस(26जून)। सन् 2008 में हुए मुंबई आतंकी हमले में संलिप्तता का आरोपी, भारत में वांछित तहव्वुर राणा अभी अमेरिका की ही हिरासत में रहेगा। पाकिस्तानी मूल के कैनेडियन बिजनेसमैन तहव्वुर राणा के प्रत्यर्पण के मामले में लास एंजिलिस में एक फेडरल जज जैकलीन चुलजियान ने बचाव पक्ष को 15 जुलाई तक अतिरिक्त दस्तावेज दाखिल करने का आदेश दिया है। तब तक राणा संघीय हिरासत में रहेगा।
भारतीय अधिकारियों का आरोप है कि राणा ने अपने बचपन के दोस्त डेविड कोलमैन हेडली के साथ मिलकर पाकिस्तानी आतंकी समूह लश्कर-ए-तैयबा, या आर्मी आफ द गुड की मदद करने के लिए मुंबई में 2008 के आतंकी हमलों की साजिश रची थी। इसमें 166 लोग मारे गए थे और 200 से अधिक घायल हुए थे। इस हमले में करीब 1.5 अरब अमेरिकी डालर का नुकसान हुआ था। भारत के अनुरोध पर राणा को मुंबई आतंकी हमले में संलिप्तता के आरोप में लास एंजिलिस में 10 जून, 2020 को फिर से गिरफ्तार किया गया था। तब से वह बोराणा अमेरिकी हिरासत में है तथा भारत सरकार राणा को भारत लाने का प्रयास कर रही है।



