वॉशिंगटन। अफगानिस्तान से अमेरिकी सेना को वापिस लौटना पड़ा है। अब अमेरिकी सेना की इस हालत के लिए पाकिस्तान को जिम्मेदार माना जा रहा है। अमेरिका के वरिष्ठ सांसद और राष्ट्रपति जो बाइडन के खास जैक रीड ने कहा कि अफगानिस्तान में तालिबान के जड़ें जमाने के पीछे की वजह पाकिस्तान में मौजूद उसकी सुरक्षित पनाहगाहें हैं। तालिबान के सफल होने में इन ठिकानों का बहुत बड़ा योगदान है। एक दिन पहले ही बाइडन ने अफगानिस्तान से अमेरिकी फौज की वापसी का ऐलान किया है। सीनेट आर्म्ड सर्विस कमेटी के अध्यक्ष जैक रीड ने अमेरिकी संसद में कहा कि तालिबान के सफल होने में बहुत बड़ा योगदान इस तथ्य का है कि तालिबान को पाकिस्तान में मिल रही सुरक्षित पनाहगाह को खत्म करने में अमेरिका विफल रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि जैसा कि अफगान स्टडी समूह (कांग्रेस के निर्देश के तहत कार्यरत) ने कहा कि आतंकवाद के लिए ये पनाहगाह जरूरी हैं।



