148 Views

डब्ल्यूटीसी फाइनल : शार्दूल-रहाणे ने भारत को फॉलोऑन से बचाया, ऑस्ट्रेलिया की बढ़त ३०० के करीब

ओवल,१० जून। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला इंग्लैंड के द ओवल मैदान पर जारी है। शुक्रवार को तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया की कुल बढ़त २९६ रन की हो चुकी है। लाबुशेन के नाबाद होने से टीम की बैटिंग अब चौथे दिन भी मजबूत नजर आ रही है।
शुक्रवार को अजिंक्य रहाणे (८९) और शार्दुल ठाकुर (५१) के बीच शतकीय साझेदारी के बूते भारत ने अपनी पहली पारी में २९६ रन बनाने में सफलता हासिल की। मगर पहली पारी में बनाए ४६९ के विशाल स्कोर के चलते कंगारुओं को १७३ रन की निर्णायक लीड मिल गई। जिसके बाद तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया के पास २९६ रन की लीड हो चुकी है क्योंकि दूसरी पारी में स्कोर १२३/४ हो चुका है। दूसरी पारी में रविंद्र जडेजा ने दो शिकार किए तो मोहम्मद सिराज-उमेश यादव को एक-एक विकेट मिला। मार्नस लाबुशेन और कैमरन ग्रीन नाबाद लौटे हैं।
ऐसे में पलड़ा अभी भी ऑस्ट्रेलिया का ही भारी है। लेकिन, चौथे दिन पहले सत्र में अगर भारत ने ऑस्ट्रेलिया के बाकी ६ विकेट जल्दी निकाल दिए तो फिर मैच में कुछ उम्मीद जरूर बन जाएगी। पहली पारी में भी भारत ने ऑस्ट्रेलिया के ७ विकेट १०८ रन के भीतर निकाले थे। ऐसे में चौथे दिन भारतीय गेंदबाजों से इसी प्रदर्शन की उम्मीद होगी।

Scroll to Top